अभिनेत्री अमीषा पटेल पर रांची सिविल कोर्ट में ढाई करोड़ रुपए के चेक बाउंस होने का मामला चल रहा है। इस मामले में बुधवार को सुनवाई होनी है। अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची के रहने वाले अजय कुमार सिंह से देसी मैजिक नाम से फिल्म बनाने के नाम पर पैसे लिए थे। इस मामले में सुनवाई 14 सितंबर को हुई थी। इस सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह की ओर से गवाही दर्ज की गई।
अमीषा पटेल पर जूडिशिएल मजिस्ट्रेट डीएन शुक्ला की अदालत ने 500 रुपए का जुर्मान लगाया था। यह जुर्माना 26 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने लगाया था। इस दिन सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से गवाह पेश किया गया। लेकिन अमीषा पटेल के अधिवक्ता ने तैयारी न होने की बात कह बहस के लिए समय की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची के रहने वाले अजय कुमार से ढाई करोड रुपये लिए थे। यह पैसा उन्होंने फिल्म बनाने के नाम पर लिया था। लेकिन फिल्म नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने यह राशि चेक के माध्यम से लौटाया, लेकिन चेक बाउंस कर गया। जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। अजय सिंह और अमीषा पटेल के बीच जो समझौता हुआ था, उसके मुताबिक फिल्म जून, 2018 में रिलीज हो जाना था। जब पैसे लौटाने को लेकर अभिनेत्री की ओर से टालमटोल की गई तब अजय सिंह ने 17 नवंबर 2018 को सीजेएम कोर्ट में शिकायत वाद दाखिल किया था।










