Desk. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से आज उनके आवास पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मुलाकात की। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग पूरे दिल से दिल्ली के लोगों और अरविंद केजरीवाल के साथ हैं। केंद्र सरकार संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है।
नीतीश कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सही रहा, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा जो करने की कोशिश हो रही है वह सही नहीं है। सभी को एकजुट होना होगा। हम केजरीवाल के साथ हैं, ज्यादा से ज्यादा विपक्षी पार्टियों को एक साथ मिल कर अभियान चलाना होगा।
वहीं बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र की सरकार अरविंद केजरीवाल को परेशान कर रही है। अरविंद केजरावाल को सताया जा रहा है, जो परेशानी अरविंद केजरीवाल झेल रहे हैं हम उसके खिलाफ केजरीवाल को समर्थन देने आए हैं। अगर दिल्ली में बीजेपी की सरकार होती तो उप राज्यपाल में हिम्मत होती इस प्रकार का काम करने की? दिल्ली में बीजेपी कभी वापसी नहीं करेगी।
वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, नीतिश कुमार पूरी तरह से दिल्ली के लोगों के साथ हैं। अगर सारा विपक्ष एक हो जाता है तो राज्यसभा में यह अध्यादेश गिर जाएगा और 2024 से पहले बीजेपी की हार होगी। आगे सीएम ने कहा कि, परसों तीन बजे कोलकाता में ममता बनर्जी के साथ हमारी मीटिंग हैं। राज्यसभा में इस बिल को गिराने के लिए मैं देश में सभी पार्टी अध्यक्ष से मिलने के लिए जाऊंगा। आज मैंने नीतीश से भी अनुरोध किया कि वो भी सभी पार्टियों से बात करें।