कल्लू : टेलीविजन जगत के लिए एक और बुरी खबर आयी है। छोटे पर्दे की मशहूर एक्ट्रेस वैभवी उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में ‘जैस्मिन’ की भूमिका निभाने वालीं वैभवी के साथ यह हादसा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू (Kullu) जिले में हुआ।
इस बात की जानकारी शो के मेकर जेडी मजेठिया ने दी है। बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस अपने मंगेतर के साथ कार ट्रैवल कर रहीं थी। वो तीर्थन घाटी में घूमने जा रही थीं, लेकिन अचानकर टर्न पर गाड़ी ने कंट्रोल खो दिया और कार लगभग 50 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
तीर्थन वैली जा रही थी वैभवी उपाध्याय
जानकारी के अनुसार, एक्ट्रेस वैभवी उपाध्याय सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में प्रसिद्ध तीर्थन वैली जा रही थी। इस दौरान तीर्थन से कुछ दूर पहले बंजार के शोजा के सिधवा में इनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से 50 फीट नीचे गिर गई। हादसे में एक्ट्रेस वैभवी उपाध्याय की मौत हो गई थी और गाड़ी में सवार अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। महाराष्ट्र के मुंबई में रहने वाले जय सुरेश गांधी गाड़ी में वैभवी उपाध्याय के साथ औट से बंजार की ओर जा रहे थे।
मामले की छानबीन कर रही पुलिस
वाहन गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया था। लेकिन वाहन में सवार महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को निकाला गया और बंजार अस्पताल भेजा गया। दोनों बंजार घाटी घूमने के लिए आ रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
एक सप्ताह पहले बीड़ बिलिंग भी गई थी वैभवी
करीब एक सप्ताह पहले वैभवी हिमाचल प्रदेश के बीड़ बिलिंग भी गई थी। यहां पर भी उन्होंने कुछ दिन बिताए। वैभवी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बीड़ बिलिंग की वीडियो भी शेयर की है। बता दें कि बीड़ बिलिंग घाटी पैराग्लाइडिंग के लिए मशहूर है। यहां बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं।









