रामगढ़ जिले के भुरकुंडा स्थित श्री अग्रसेन स्कूल में शनिवार को छात्राओं के लिए मेंस्ट्रुअल हेल्थ, हाइजीन और पोक्सो एक्ट पर एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन छात्राओं की माताओं और स्कूल की शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। स्कूल के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया और प्राचार्य विवेक प्रधान ने माताओं का स्वागत करते हुए इस पहल को सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। सोनी करमाली, सुनीता देवी, पूजा गुप्ता और आरती सिन्हा जैसी वक्ताओं ने छात्राओं को पीरियड्स को एक सामान्य और गौरवपूर्ण प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करने की सलाह दी, साथ ही इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।

सोनी करमाली ने माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों से पीरियड्स पर खुलकर बात करें और इसे प्राकृतिक प्रक्रिया के रूप में समझें। सुनीता देवी ने अतीत की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए बताया कि आधुनिक संसाधनों ने महिलाओं की जिंदगी को आसान बनाया है, और अब समाज को भ्रांतियों से मुक्त होने की जरूरत है। पूजा गुप्ता ने पीरियड्स को सृष्टि के आधार के रूप में गौरवपूर्ण बताया, जबकि आरती सिन्हा ने सेनेटरी पैड, स्वच्छता, और संतुलित खानपान के महत्व पर प्रकाश डाला। ओपेन सेशन में रीना करमाली, जयंती देवी, और अन्य ने छात्राओं के सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। इस सत्र ने न केवल जागरूकता फैलाई, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास भी जगाया।

विशेष अतिथि और हाइकोर्ट की वकील रूपा कुमारी ने पोक्सो एक्ट पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को यौन उत्पीड़न के खिलाफ साहसपूर्वक आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उन्होंने गुड टच और बैड टच की पहचान के साथ-साथ पोक्सो एक्ट के तहत उपलब्ध कानूनी सुरक्षा और अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन साधना सिन्हा ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि नाजिया तौहिद, दीपिका तिवारी, वंदना सिंह, और अन्य शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
-रिपोर्टर: कुमार मिश्रा










