NIA Raid in Bokaro : बोकारो में मजदूर सप्लाईर बच्चा सिंह सहित कई अन्य लोगों के घरों पर एनआईए का छापा पडा है। बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी की आवासीय कॉलोनी निशन हाट सहित चार ठिकानों पर सुबह से ही एनआईए की टीम ने छापेमारी कर रही हैं। जिन लोगों के घरों में छापेमारी हो रही है उनमें बच्चा सिंह, नागेश्वर महतो, संजय तुरी का आवास है। बता दें कि बच्चा सिंह बोकारो थर्मल प्लांट में मजदूर सप्लाई का काम करते हैं।
नागेश्वर महतो के आवास से दो मोबाइल, कागजात सहित सामान जब्त
छापेमारी के दौरान तीनों के आवासों को चारों तरफ से सैप के जवानों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने घेर रखा था। नागेश्वर महतो के आवास पर ताला बंद रहने के कारण टीम बाहर बैठकर इंतजार कर रही थी। बाद में समिति के सदस्य रामचंद्र महतो के आने पर टीम के पदाधिकारियों से बात हुई और रामचंद्र महतो ने एक अन्य व्यक्ति को साथ लाकर नागेश्वर महतो के आवास का ताला तोड़कर आवास में प्रवेश किया। छापेमारी के दौरान एनआईए टीम ने मसंस के केंद्रीय महासचिव के आवास से दो मोबाइल, कुछ पंपलेट, कागजात एवं बैनर, पोस्टर जब्त किया।
संजय तुरी के आवास से भी कई सामान एनआईए ने किया जब्त
नागेश्वर महतो के आवास से उसकी पत्नी और बेटी के दो बैंक पासबुक और पंपलेट, कागजात जब्त किए। संजय तुरी के आवास से एक मोबाइल, पंपलेट और कागजात जब्त कर टीम अपने साथ ले गयी। एनआईए की टीम में शामिल पदाधिकारियों ने पूछे जाने पर कहा कि एनआईए की टीम छापेमारी में शामिल है। मामले को लेकर पूछे जाने पर कुछ भी बताने से इंकार किया और कहा कि रांची मुख्यालय से इस संबंध में जानकारी हासिल कर सकते हैं।
अनिल हांसदा के घर पर चल रही छापेमारी
दूसरी ओर छापेमारी में शामिल चौथी टीम महुआटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अइयर निवासी अनिल हांसदा के घर पर छापेमारी कर रही है। मामले को लेकर बोकारो थर्मल थाना के निरीक्षक शैलेश कुमार चौहान सहित बेरमो एसडीपीओ सतीश चंद्र झा ने भी पूछे जाने पर कुछ भी बता पाने में असमर्थता जताई।
दंतेवाड़ा में पिछले दिनों हुआ था नक्सली हमला
जबकि सूत्रों का कहना है कि टीम छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बारूदी सुरंग में पिछले दिनों मारे गए 10 जवानों सहित एक चालक के मौत के मामले में नक्सली कनेक्शन को लेकर ही छापेमारी कर सुराग़ हासिल करने में लगी हुई
है।









