रांची : सीपीआईएम के नेता सुभाष मुंडा की हत्या के खिलाफ जनाक्रोश फूट पड़ा है। बुधवार रात आठ बजे बाइक पर आए अपराधियों ने उनपर उस वक्त गोलियों की बारिश कर दी थी, जब वे रांची के दलादिली चौक के पास अपने दफ्तर में बैठे थे। उनकी हत्या की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और देखते-देखते सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए।
सरकार में शामिल विधायकों ने भी गुस्सा का किया इजहार
दलादली चौक पर एक शराब दुकान सहित आधा दर्जन गुमटियों और झोपड़ीनुमा दुकानों में लोगों ने आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ के गुस्से का शिकार होना पड़ा। सिटी एसपी शुभ्रांशु जैन की गाड़ी पर भी हमला हुआ। रात दो बजे तक भीड़ बवाल करती रही। फिलहाल हालात नियंत्रण में है। इस वारदात के खिलाफ आदिवासी संगठनों ने गुरुवार को रांची बंद बुलाया, जिसका कई इलाकों में असर देखा जा रहा है। ऐसे में इस घटना पर सरकार में शामिल विधायकों ने भी गुस्सा का इजहार किया और कहा कि ऐसे अपराधियों का सीना तोड़ दो। आदिवासी नेता की हत्या के बाद रांची वासियों में गुस्सा फूट पड़ा है।
ऐसे अपराधियों को टारगेट करने की जरूरत- अंबा प्रसाद
कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने सुभाष मुंडा की हत्या पर आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को प्रशासन के द्वारा टारगेट करने की जरूरत है। इस तरह की अपराध पहले नहीं होता था और ना ही अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था। इन अपराधियों का सीना तोड़ देना चाहिए। कांग्रेस के जामताड़ा विधायक ने सुभाष मुंडा की हत्या का निंदा करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस प्रशासन जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अचानक हो जाती है। प्रशासन घटना की जांच कर रही है।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक
28 जुलाई से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक गुरुवार को हुई। इस बैठक में विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, इरफान अंसारी, अंबा प्रसाद, उमाशंकर अकेला सहित कई विधायकों ने हिस्सा लिया।










