रांची : जमीन घोटाले मामले में निलंबित आईएएस छवि रंजन को 10 दिनों की पूछताछ के बाद मंगलवार को ईडी कोर्ट में पेश किया गया। जहां छवि रंजन को 25 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कोर्ट में पेश करने से पहले आईएएस छवि रंजन का मेडिकल जांच सदर अस्पताल के डॉक्टरों की देख रेख में किया गया। छवि रंजन का बीपी, सुगर और पल्स सभी सामान्य था। उनका कोविड टेस्ट भी निगेटिव आया।
ईडी ने दो बार छवि रंजन को रिमांड पर लेकर की थी पूछताछ
इससे पूर्व ईडी ने दो बार निलंबित आईएएस छवि रंजन को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। सबसे पहले कोर्ट ने 6 मई को छवि रंजन को 6 दिनों की रिमांड पर ईडी को सौंपा था। फिर 12 मई को ईडी को चार दिनों की पूछताछ के लिए रिमांड मिली थी।
छवि रंजन सहित कुल 8 लोगों को ईडी ने किया था गिरफ्तार
गौरतलब है की सेना की जमीन एवं अन्य जमीन घोटाले मामले में छवि रंजन को ईडी ने गिरफ्तार किया है। जमीन घोटाले मामले में ईडी ने अब तक छवि रंजन सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके पहले जमीन घोटाले मामले में 7 लोगों को ईडी ने गिरफ्तार किया था।
IAS छवि रंजन के 22 ठिकानों पर ईडी ने की थी छापेमारी
ईडी ने जमीन घोटाले मामले में 13 अप्रैल को IAS छवि रंजन के 22 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान ईडी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए थे, जिसके बाद सात लोगों को गिरफ्तारी हुई थी। छापेमारी के बाद ईडी ने रांची के सब रजिस्टार वैभव मणि त्रिपाठी से पूछताछ की थी। इसके बाद कोलकाता के एडिशनल रजिस्ट्रार त्रिदीप मिश्रा से पूछताछ कर चुकी है। आपको बता दें कि जमीन घोटाला मामले में ईडी ने झारखंड में कई जगहों पर छापेमारी की थी। छवि रंजन के जमशेदपुर स्थित आवास में भी छापेमारी हुई थी।









