जमशेदपुर : जुगसलाई गौरीशंकर रोड में नगर परिषद द्वारा बना कल्वर्ट इन दिनों लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार लोग सड़क दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इतना ही नहीं बरसात के दिनों में इस सड़क से गुजारना भी लोगों के लिए असंभव है। इन सारी परेशानियों को लेकर आजसू पार्टी जुगसलाई मंडल की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया।
दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा कल्वर्ट
प्रदर्शन का नेतृत्व आजसू पार्टी के जुगसलाई मंडल अध्यक्ष राजू तनवीर कर रहे थे। सड़क पर उतरकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बने कलवर्ट का जमकर विरोध किया। जानकारी देते हुए आजसू पार्टी के मंडल अध्यक्ष राजू तनवीर ने बताया कि जिस जगह पर कल्वर्ट बना है इस स्थान से जुगसलाई के चार से पांच सड़क आकर मिलते हैं। लगभग 10 से 20 हज़ार की आबादी रोजाना इस स्थान से होकर गुजरती है। जिस तरह से जुगसलाई नगर परिषद द्वारा कल्वर्ट का निर्माण किया गया है ये दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा है।
समस्या के समाधान करे जुगसलाई नगर परिषद
उन्होंने कहा कि लगातार लोग चोटिल हो रहे हैं गिर रहे हैं। इतना ही नहीं इस कल्वर्ट की वजह से नालियों की पानी की निकासी भी सही तरीके से नहीं हो रही है। जो बीमारियों को तो आमंत्रित कर ही रही है साथ ही साथ बरसात के दिनों में पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है। लोग इस स्थान से पार नहीं हो सकते। उन्होंने जुगसलाई नगर परिषद पर सवाल खड़ा करते हुए जुगसलाई नगर परिषद पर जमकर निशाना साधा और जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की। समाधान नहीं होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी।










