जामताड़ा : जिला भाजपा में गुटबाजी अपने चरम पर आ गई है और यह अब दिखने भी लगा है। शनिवार को भाजपा कार्यालय में जिला कार्यसमिति की बैठक में गुटबाजी का चरमोत्कर्ष देखने को मिला। जब कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष जावेद अंसारी की पिटाई कर दी। पिटाई करने वाले कोई और नहीं सांसद गुट के समर्थक थे, यह आरोप अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष जावेद अंसारी ने लगाया है।
जावेद ने बताया कि सांसद के द्वारा क्षेत्र में कोई कार्य नहीं किया गया है। इस चीज को रखने के लिए हुए कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आए थे। जिलाध्यक्ष को भी उन्होंने इस बात की जानकारी दी। लेकिन इससे पहले कुछ बोल पाते सांसद और प्रदेश महामंत्री के सामने सांसद के समर्थकों ने उनकी पिटाई कर दी।
जावेद अंसारी के अनुसार सांसद समर्थक उनके दाढ़ी को पकड़कर घसीटते हुए नीचे कर दिया। वहीं प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने पूरे घटना को सिरे से नकार दिया और कहा कि उनके समक्ष इस प्रकार की कोई घटना घटित नहीं हुई है। जबकि पूरे मामले की शुरुआत उनकी मौजूदगी में हुई थी। कहा कि अगर ऐसा कुछ हुआ है तो मामला को अनुशासन समिति में रखा जाएगा।









