◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं
◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में चिनिया प्रखंड के विलैतीखैर निवासी उमेश परहिया ने प्रयुक्त के समक्ष आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि वर्तमान में चल रहे SIR प्रक्रिया के अंतर्गत ग्राम छतैलिया से 195 मतदाताओं एवं राजबांस गांव से 130 मतदाताओं को बिना कारण बताए उनके अपने पंचायत एवं गांव से अलग किसी दूसरे पंचायत एवं गांव में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत उपरोक्त सभी ने अपना आवेदन सही-सही भरा था परंतु नोटिस आने पर पता चला कि उन्हें किसी दूसरे पंचायत में शिफ्ट कर दिया गया है। अतः उमेश परहिया ने उपरोक्त सभी मतदाताओं को उनके अपने-अपने पंचायत एवं गांव के सम्बद्ध मतदान केंद्रों वापस जोड़ने का अनुरोध किया है।
डंडई प्रखंड के सोनेहारा निवासी नंददेव विश्वकर्मा ने आवेदन समर्पित करते हुए ग्राम पंचायत सोनेहारा में अबुआ आवास योजना एवं मनरेगा के तहत घोर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय मुखिया, पंचायत सचिव एवं बिचौलियों की मिलीभगत से उपरोक्त योजनाओं में भारी अनियमितता बरती गई है। अबुआ आवास योजना के अंतर्गत योग्य पात्र को छोड़कर आर्थिक रूप से संपन्न एवं पक्के मकान वाले व्यक्तियों को योजना से लाभान्वित किया गया है। वहीं मनरेगा योजना के अंतर्गत फर्जी जॉब कार्ड एवं मास्टर रोल बनाकर सरकारी धन की उगाई की गई है। वास्तविक मजदूरों को कम न देकर जेसीबी से कूप निर्माण, डोभा निर्माण व बागवानी जैसे कार्य कराए गए हैं। साथ ही जिस स्थल का जियो टैग कराया गया है वहां योजनायें नहीं है। अतः उन्होंने मामले की जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

नगर ऊंटारी प्रखंड के कोलझीकी निवासी रमेश कुमार प्रजापति ने आवेदन समर्पित कर साइबर फ्रॉड के तहत राशि निकासी होने के संबंध में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि बिना उनके अनुमति से सितंबर 2026 महीने के विभिन्न तिथियों में बैंक खाता से लगभग ₹5000 की निकासी की गई है। अत: उन्होंने मामले की जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
मंझिआंव प्रखंड के खरसोता निवासी प्रयाग राम ने आवेदन समर्पित करते हुए बाढ़ के कारण उनके कृषि भूमि बह जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि कोयल नदी के किनारे उनका कृषि योग्य भूमि था जो इस वर्ष बाढ़ में कटाव के कारण पूरी तरह से बह गया। उन्होंने बताया की उसी कृषि योग्य भूमि से वह अपना जीवन यापन करते थें। अत: उन्होंने सरकारी योजनाओं के तहत मुआवजे की मांग की है।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें।










