- जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित
- नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में नहीं रहेगा नोटा का विकल्प : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त
- नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम : पुलिस अधीक्षक
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की अध्यक्षता में आज दिनांक 07 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभागार में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह-उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मीडिया प्रतिनिधियों से निर्वाचन संबंधी सूचनाओं को साझा करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित समस्त जारी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी से सभी को अवगत कराया।

प्रेसवार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा जानकारी दी गई कि *गढ़वा नगर परिषद (वर्ग ख) में कुल 21 वार्ड, 42 मतदान केन्द्र बनाये गए है। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में कुल 17 वार्ड, 30 मतदान केंद्र व मझिआँव नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड एवं 17 मतदान केंद्र बनाये गए है।*
गढ़वा नगर परिषद हेतु कुल 34347 मतदाता है, जिसमें से 17570 पुरूष एवं 16777 महिला मतदाता हैं। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत अन्तर्गत 26946 मतदाता में से 13749 पुरूष व 13197 महिला हैं तथा मझिआँव नगर पंचायत अन्तर्गत 15266 मतदाता में से 7757 पुरूष व 7509 महिला हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त द्वारा बताया गया कि नाम निर्देशन की तिथि दिनांक 29.01.2026 (गुरुवार) से 04.02.2026(बुधवार) तक थी, नाम निर्देशन की संवीक्षा तिथि 05.02.2026 (गुरुवार), अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की तिथि दिनांक 06.02.2026 (शुक्रवार) एवं निर्वाचन प्रतीक की आवंटन तिथि 07.02.2026 (शनिवार) थी। उन्होंने बताया कि मतदान तिथि 23.02.2026 (सोमवार) एवं मतगणना की तिथि 27.02.2026 (शुक्रवार) है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश यादव ने बताया कि गढ़वा नगर परिषद अंतर्गत अध्यक्ष पदों के लिए कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 14 थी जिसमें से दो अभ्यर्थियों द्वारा नाम वापस लेने के पश्चात निर्वाचन के लिए बचें अभ्यर्थियों की संख्या कुल *12* रही। श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 12 थी, जिसमें से एक अभ्यर्थी द्वारा नाम वापस लिया गया एवं एक अभ्यर्थी का नामांकन अस्वीकृत किया गया। इस प्रकार शेष अभ्यर्थियों की संख्या मात्र *10* रही। वही मंझिआंव नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या *9* है। वहीं वार्ड पार्षद के लिए अभ्यर्थियों की बात की जाए तो नगर परिषद अंतर्गत कल 21 वार्डों हेतु वार्ड पार्षदों की कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 93 थी जिनमें से तीन अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया एवं आठ नामांकन अस्वीकृत किए गए तत्पश्चात निर्वाचन के लिए बचें अभ्यर्थियों की संख्या मात्र *82* रही। श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड सदस्य के लिए नामांकित कुल अभ्यर्थियों की संख्या 97 थी जिसमें से 5 नामांकन अस्वीकृत किए गए, तत्पश्चात निर्वाचन के लिए योग्य अभ्यर्थियों की संख्या *92* रही। वहीं नगर पंचायत मझिआंव के लिए वार्ड सदस्य हेतु कुल नामांकित अभ्यर्थियों की संख्या 56 थी जिसमें से दो अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस लिया एवं चार को अस्वीकृत किया गया तत्पश्चात निर्वाचन के लिए बचे योग्य अभ्यार्थियों की संख्या *50* रही।
इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से अन्य जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि गढ़वा नगर परिषद हेतु सामान्य 22, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 16 एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र 04 के साथ कुल 42 मतदान केंद्र एवं 26 भवनों है। वहीं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में सामान्य 24, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 06 एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र 00 के साथ कुल 30 मतदान केंद्र एवं 18 भवन है। वहीं मझिआँव नगर पंचायत में सामान्य 04, संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 09 एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र 04 के साथ कुल 17 मतदान केंद्र एवं 12 भवने बनाये गये हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त द्वारा यह भी जानकारी दी की नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में तीनों नगरपालिकाओं के मतदान केन्द्रों पर मतपत्र से मतदान हेतु मतपेटिका के द्वारा संपन्न कराया जायेगा।
इसके अलावे उन्होंने जानकारी दी कि अभ्यर्थियों द्वारा किये जाने वाले निर्वाचन व्यय की अधिसीमा गढ़वा नगर परिषद हेतु अध्यक्ष पद के लिए 06 लाख एवं वार्ड पार्षद पद के लिए 1.5 लाख वहीं श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत एवं मझिआँव नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 05 लाख एवं वार्ड पार्षद पद के लिए 1 लाख राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के लिए निर्वाचन व्यय की अधिसीमा निर्धारित की गई है। वहीं अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रचार प्रसार एवं मतदान के दिन के लिए वाहनों की अनुमति नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए चार वाहन एवं वार्ड पार्षद के लिए दो वाहन की अनुमति दी गई है जबकि नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर एवं मंझिआंव के लिए अध्यक्ष पद हेतु वाहनों की अधिकतम अनुमान्य संख्या तीन एवं वार्ड पार्षद के लिए मात्र दो रखी गई है। वहीं निर्वाचन के निमित आवश्यक तैयारियाँ जैसे मतदान केन्द्रों का चयन एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थापना कर ली गयी है, विभिन्न कोषांगों का गठन कर लिया गया है, तीनों नगरपालिका क्षेत्र के लिए वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र की स्थापना कृषि उत्पादन बाजार समिति, गढ़वा में की गई है। वहीं मतदान दलों का डिस्पैच सेंटर एवं रिसीविंग सेंटर के लिए कृषि उत्पादन बाजार समिति, गढ़वा के परिसर को चिन्हित किया गया है। आदर्श आचार संहिता के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जिला के नगरपालिका क्षेत्र में (पंचायत एवं कैन्टोनमेंट क्षेत्र को छोड़कर) जहाँ आम निर्वाचन कराया जाना है, निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। केन्द्र एवं राज्य सरकार की किसी भी पुरानी योजना का कार्यान्वयन आदर्श आचार संहिता से प्रभावित नहीं होगा जिसमें टेण्डर की प्रक्रिया भी सम्मिलित है। नगरपालिका क्षेत्र की सभी योजनाओं का कार्यान्वयन आदर्श आचार संहिता के दायरे में आयेंगे। आदर्श आचार संहिता के किसी भी प्रकार के उल्लंघन पाये जाने पर कड़ाई से निपटा जाएगा।
- मतदाताओं की पहचान हेतु निम्नलिखित दस्तावेज
इसके अलावे जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा जानकारी दी गयी कि मतदान के समय मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। ऐसे में इसके लिए जिन मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध कराए गए हैं उनकी पहचान एपिक के माध्यम से की जाएगी। परन्तु यदि किसी मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो उसकी पहचान आयोग द्वारा यथा निर्धारित 12 वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से की जा सकती है। 1. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किया गया मतदाता पहचान पत्र 2. निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रमाणिक फोटोयुक्त मतदाता पर्ची 3. पासपोर्ट 4. ड्राईविंग लाइसेंस 5. राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्रों के उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कम्पनी द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किये जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र 6. बैंक/डाकघर द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक 7. आयकर पहचान पत्र (पैन कार्ड) 8. आधार कार्ड 9. राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR) 10. महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत जारी फोटोयुक्त जॉब कार्ड 11. फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना/स्मार्ट कार्ड 12. फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज इसके लिए आयोग द्वारा अनुदेश निर्गत किए गए हैं।
*प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार* द्वारा जानकारी दी कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक तैयारियां कर ली गयी है। साथ ही सुरक्षा को लेकर वार्ड वार पुलिस फोर्स की प्रतिनियुक्ति की जायेगी एवं असमाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ-साथ 126 एवं सीसीए के तहत कार्रवाई की जायेगी। आगे उन्होंने जानकारी दी कि आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी एवं चुनाव को लेकर क्यू आर टी का भी गठन किया गया है, ताकि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष वातावरण मे चुनाव सम्पन्न कराया जा सके।
उक्त प्रेसवार्ता के दौरान उपरोक्त के अलावे अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि के साथ-साथ संबंधित विभाग के कर्मी एवं प्रेस मीडिया के प्रतिनिधिगण सहित अन्य उपस्थित थें।










