देवरी (गिरिडीह) : देवरी प्रखंड के अंतर्गत पंचायत तिलकडीह के ग्राम बाघरायडीह के रहने वाला मंजूर अंसारी के 18 वर्षीय पुत्र अख्तर अंसारी पिछले एक महीने से लापता है। लापता के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेंगलुरु से घर आने के क्रम में युवक हो गया लापता
परिजनों का कहना है कि युवक घर का इकलौता बेटा है। वो बेंगलुरु में रहकर मजदूरी का काम करता था और अपना घर परिवार चलाता था। परिजनों के अनुसार हटिया एक्सप्रेस बेंगलुरु से घर वापसी के दौरान युवक लापता हो गया। जब ट्रेन पर युवक सवार हुआ तब तक घर वालों से बात होती रही, लेकिन जब संपर्क युवक से टूट गया तो घर वाले परेशान हो गए। अंत में खोजबीन शुरू कर दी।
आवेदन देकर लगाई गुहार
भेलवाघाटी थाना में आवेदन देकर अपने बेटे की खोज की गुहार लगाई है। हालांकि लगभग 1 महीना बीत जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। जिससे युवक के परिजन काफी परेशान हैं। उनके परिजन हताश हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन की ओर से कितना हो पाता है।









