सरायकेला : राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार सुबह पश्चिम सिंहभूम जिले से सरायकेला पहुंचे। जहां केवीपीएसडी राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय पहुंचने पर सर्वप्रथम जिला प्रशासन द्वारा महामहिम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत राज्यपाल केवीपीएसडी राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय मॉडल स्कूल का भ्रमण कर स्कूली छात्राओं से संवाद स्थापित किया। इस कार्यक्रम के बाद राज्यपाल संजय ग्राम स्थित जनजाति आवासीय विद्यालय में पौधारोपण किया, एवं स्कूली छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों को चॉकलेट वितरण किए।
वहीं राज्यपाल सरायकेला प्रखंड अंतर्गत ईटाकुदर पंचायत भवन में आयोजित जनता -संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान ईटाकुदर पंचायत अंतर्गत काशीडीह टोला में भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने राज्यपाल को समस्या से अवगत कराया। जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि टोला में ब्रिटिश काल के बने कुआं से आज भी ग्रामीण पेयजल के लिए निर्भर है। गर्मी के इस मौसम में कुआं सूख जाने के चलते ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है।
परिसंपत्तियों का वितरण
यहां आयोजित कार्यक्रम में परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। महामहिम आगमन को लेकर सरायकेला जिला प्रशासन द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही थी। इधर राज्यपाल आगमन को लेकर सरायकेला मुख्यालय समेत अन्य क्षेत्र में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था स्थापित की गई थी।










