रांची : 2024 में लोकसभा चुनाव और झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियों की तैयारियां शुरू हो चुकी है। पार्टियों में कार्यकर्ताओं का जुड़ना भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आजसू पार्टी में शनिवार को सैकड़ों की संख्या में सामाजिक कार्य करने वाले युवा, महिला और बुजुर्ग शामिल हुए। वहीं आजसू पार्टी की विस्तारीकरण के एक कदम को और बढ़ाया।
सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई
आजसू पार्टी में शामिल होने वाले सामाजिक कार्यकर्ता, शैक्षणिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने वाले युवा और महिला शामिल हैं। जिसमें पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़ ज़िला और हजारीबाग के लोगों ने आजसू का दामन थामा। मिलन समारोह के दौरान सुदेश महतो के द्वारा पार्टी का दामन थामने वाले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को माला और पार्टी का पट्टा पहना कर स्वागत किया गया और बधाई दी।
मौके पर आजसू सुप्रीमो ने कहा कि पार्टी की लोकप्रियता, सिद्धांत और उद्देश्य से प्रभावित होकर लगातार पार्टी में लोग जुड़ रहे हैं। यही वजह है कि आज पश्चिमी सिंहभूम रामगढ़ और हजारीबाग से सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पार्टी का दामन थामा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी जिस उद्देश्य और सिद्धांत के साथ बनी है अपने उद्देश्य और सिद्धांत पर कायम रहते हुए आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।









