निरसा (धनबाद) : निरसा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेलचरी में रास्ता भटकी छवि धीवर नामक विक्षिप्त महिला को समाजसेवियों ने मानवता का परिचय देते हुए सोमवार की रात निरसा थाना प्रभारी को सूचित कर थाना के सुपुर्द कर दिया। निरसा थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल जांच पड़ताल एवं खोजबीन कर रास्ते से भटकी विक्षिप्त महिला को परिवार के सदस्यों से मिलाया।
जानकारी देते हुए कांग्रेस जिला स्वास्थ्य महामंत्री सह समाजसेवी संतोष राय एवं शासनबेरिया पंचायत मुखिया कविता मांझी ने बताया कि सुबह से ही सोशल मीडिया एवं मीडिया के द्वारा यह जानकारी मिल रही थी कि वेलचरी में एक विक्षिप्त महिला रास्ता भटक कर आ गई है। और आसपास के लोगों ने उसको खाने पीने की वस्तुओं दी।
भटक गई थीं विक्षिप्त महिला
उन्होंने बताया कि देर शाम होने पर भी जब यह सूचना मिली की कि रास्ता भटकी हुई विक्षिप्त महिला अभी भी बेलचरी में मौजूद है तो हम लोग तुरंत वहां पहुंचे और निरसा थाना प्रभारी को संपर्क किया। संपर्क करने पर निरसा थाना प्रभारी दलबल सहित पहुंचे और रास्ता भटकी विक्षिप्त महिला के परिवार के विषय में जांच पड़ताल की तो पता चला कि वह चिरकुंडा की रहने वाली है। तत्काल उसके परिजनों से थाना प्रभारी ने संपर्क साधा और विक्षिप्त महिला को उसके परिजनों से मिलवा दिया।









