जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन में विगत दिनों पार्किंग केयर टेकर नीरज दुबे पर चली गोली कांड का उद्भेदन पुलिस ने कर दिया है। इस कांड में संलिप्त 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि बांकि तीन युवक अभी भी फरार हैं। जिनके धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
नीरज दुबे पर किया गया था जानलेवा हमला
जानकारी देते हुए जीआरपी डीएसपी हिमांशु चंद्र मांझी ने बताया कि विगत 14 मई को संतोष सिंह के साथ नीरज दुबे और उनके सहयोगी के बीच विवाद हुआ था। तत्पश्चात संतोष सिंह के रिश्तेदार विशाल सिंह और नीरज दुबे के सहयोगी अमन मिश्रा के साथ पुनः विवाद में बात बढ़ गई। विशाल सिंह द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नीरज दुबे पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने बताया कि 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं गोली चलाने वाले विशाल सिंह, राजा सिंह समेत कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
क्या है मामला
14 मई को टाटानगर रेलवे स्टेशन में पानी बोटल सप्लायर संतोष सिंह के साथ नीरज दुबे और उनके सहयोगियों द्वारा स्टेशन परिसर में मारपीट की घटना को अंजाम दी गई थी। जहां इस मामले को लेकर संतोष सिंह के रिश्तेदार विशाल सिंह और नीरज दुबे के सहयोगी अमन मिश्रा के साथ फोन पर गाली गलौज और बुरा परिणाम भुगतने की बात कही गई। जिसे लेकर विवाद बढ़ गया और 19 मई को टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में विशाल सिंह राजा सिंह अपने सहयोगी आशुतोष सिंह, सिकंदर, संतोष सिंह, गोलू यादव, सिंटू सिंह समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर नीरज दुबे पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें नीरज दुबे को 2 गोली लगी थी।
इनकी हुई गिरफ्तारी
घायल अवस्था में नीरज दुबे को टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नीरज की स्थिति अभी सामान्य है। इधर इस मामले में पुलिस ने नीरज दुबे के रिश्तेदार अमन तिवारी के बयान पर मामला दर्ज कर 7 नामजद प्राथमिकी पर एक अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। जिसमें जुगसलाई निवासी आशुतोष सिंह, बागबेड़ा निवासी सिकंदर कुमार प्रसाद और जुगसलाई निवासी रोहित शर्मा को गिरफ्तार किया है। जहां उन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में इस मामले में अपनी संलिप्तता जाहिर की है।









