झरिया (धनबाद) : तीसरा थाना क्षेत्र के कुइयां 14 नम्बर डंप के नीचे रविवार की सुबह पुलिस ने एक विवाहिता महिला का शव संदिग्ध अवस्था मे बरामद किया। महिला का चेहरा और सिर पत्थरों से कुचला हुआ था। बताया जाता है कि महिला की पहचान छुपाने के लिए शव को पत्थर से कुचल दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतिका का नाम सुनीता शर्मा है। जिसका अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। वो बरोरा थाना क्षेत्र निवासी उमेश शर्मा की पत्नी है। पारिवारिक विवाद के कारण मृतका सुनीता शर्मा आसनसोल में अपने भाई के यहां रहती थीं।
मृतका के भाई ने बहनोई पर लगाया हत्या का आरोप
शव की शिनाख्त करने के बाद मृतिका के भाई लाल बाबू शर्मा ने बताया कि पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए कल 24 जून को ही शक्तिपुंज एक्सप्रेस से वो अपनी बच्ची के साथ धनबाद आयी थीं। धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसका पति उमेश शर्मा उसे लेने आया था। लालबाबू ने कहा कि उनकी बहन और बहनोई के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। कई बार थाने में इसको लेकर बैठक भी हुई थी, लेकिन समझौता नहीं हुआ था। धनबाद न्यायालय में केस भी चल रहा था। इसको लेकर बहन अपनी बेटी के साथ आसनसोल में रह रही थीं। मृतिका के भाई ने सुनिता के पति उमेश शर्मा पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतिका का एक बच्ची भी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।









