झारखण्ड में निवेश की अपार संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बार्सिलोना में प्रवासी भारतीय व्यवसायियों और विशेषज्ञों से मुलाकात की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने झारखण्ड में फुटबॉल कोचों के प्रशिक्षण हेतु RCD Espanyol फुटबॉल क्लब के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने का प्रस्ताव प्राप्त किया। इस प्रस्ताव से झारखण्ड में खेल विशेषकर फुटबॉल के विकास को बढ़ावा मिलेगा और बार्सिलोना के उत्कृष्ट खेल इकोसिस्टम का लाभ उठाया जा सकेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने बार्सिलोना में विभिन्न क्षेत्रों के प्रवासी विशेषज्ञों से मुलाकात कर स्टार्टअप, क्लीन एनर्जी, पर्यावरणीय स्थिरता, और बायो-फार्मास्युटिकल जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने Tesla Group A.S. (चेकोस्लोवाकिया) के CEO से मुलाकात कर झारखण्ड में GIGA फैक्ट्री स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। यह फैक्ट्री वाणिज्यिक और औद्योगिक बैटरी भंडारण उत्पादों के असेंबली पर केंद्रित होगी। यह प्रस्ताव नवीकरणीय ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में झारखण्ड को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला सकता है। साथ ही, स्टार्टअप्स और उनके मेंटर्स का मैपिंग कर वैश्विक इनक्यूबेटर्स से जोड़ने का सुझाव दिया गया। खाद्य प्रसंस्करण, झारखण्ड के पारंपरिक उत्पादों जैसे कटहल और टमाटर के मूल्यवर्धित उपयोग को लेकर निवेश की संभावनाएं भी तलाशी गईं।

मुख्यमंत्री ने झारखण्ड में निवेशकों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्राप्त सुझावों को नीतियों में समाहित कर शीघ्र प्रगति करेगी। उन्होंने झारखण्ड के ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस में उल्लेखनीय सुधार का जिक्र करते हुए यह विश्वास दिलाया कि निवेश प्रक्रियाओं को सहज और सरल बनाया जाएगा।











