रांची : झामुमो सुप्रीमो व सांसद शिबू सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड राज्य समन्वय समिति की बैठक 10 जून को होगी। मोरहाबादी स्थित आवास (इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के बगल) में पूर्वाह्न 11 बजे से बैठक शुरू होगी।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने जारी की सूचना
इस बाबत मंगलवार को मिली जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने समिति के अध्यक्ष सहित विशेष आमंत्रित सदस्य, सभी सदस्य और आमंत्रित सदस्यों को भी सूचना जारी कर दी है। साथ ही बैठक में सभी के सम्मिलित होने की अपील की गयी है।
नवंबर 2022 को नोटिफिकेशन जारी किया गया था
उल्लेखनीय है कि नवंबर 2022 को झारखंड राज्य समन्वय समिति के संबंध में सरकार (मंत्रिमंडल सचिवालय) के स्तर से नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इसमें शामिल किये गये सदस्यों को मंत्री का दर्जा दिया गया है, जिनका कार्यकाल तीन वर्षों का है। समिति में झामुमो और कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा राजद से मंत्री सत्यानंद भोक्ता को भी शामिल किया गया है।
इन्हें मिला है मंत्री का दर्जा
समिति के अध्यक्ष शिबू सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और विधायक सरफराज अहमद को मंत्री का दर्जा नहीं दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झामुमो के फागु बेसरा, बिनोद पांडेय और योगेंद्र महतो को मंत्री का दर्जा दिया गया है।










