रांची : लगातार पांच बार बोरियो विधानसभा से चुनाव जीतते आ रहे विधायक लोबिन हेम्ब्रम अपने बेबाक रवैए और बयानबाजियों के कारण चर्चा में बने रहते हैं। कई बार वे अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लिए गए फैसलों के खिलाफ होते हैं और उनके खिलाफ मीडिया में खुलकर बयानबाजी करते हैं। शुक्रवार को भी लोबिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएनटी एसपीटी एक्ट, पेशा कानून, स्थानीय नीति नियोजन नीति जल्द स्पष्ट करने की मांग की है। वहीं लोबिन ने स्टूडेंट यूनियन द्वारा बुलाए गए बंद का समर्थन करने का एलान भी किया है। साथ ही गर्मी में पानी की किल्लत को लेकर भी सरकार के रवैए पर सवाल खड़ा किया है।
पुण्यतिथि पर अलग थलग दिखे लोबिन हेम्ब्रम
बता दें कि बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता व कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि दी। वहीं लोबिन हेंब्रम ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इन सबके बीच बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम अलग थलग दिखते हुए नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद किसी भी कार्यकर्ताओं ने उनसे न तो बात की और न ही श्रद्धांजलि देने के समय साथ दिखे। सभी ने लोबिन हेम्ब्रम से दूरी बनाते हुए दिखे।
‘जो अलग हैं वो अलग हैं हम जहां थे आज भी वहीं हैं’
इस संबंध में जब मीडिया ने विधायक लोबिन हेम्ब्रम से पूछा कि वे अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं से दूर क्यों हैं? उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि जो अलग हैं वो अलग हैं हम जहां थे आज भी वहीं हैं।
लेबिन हेंब्रम ने कई बार हेमंत सरकार को घेरा
बता दें कि लोबिन हेम्ब्रम बीते कुछ महिनों से लगातार हेमंत सरकार के खिलाफ बयान देते आ रहे हैं। खासकर राज्य सरकार ने जो स्थानीय परीभाषा दी थी उसको लेकर भी लोबिन हेम्ब्रम ने खुल कर विरोध किया था। मामले पर जेएमएम के अलग- अलग सूत्र पहले ही ये बता चुकी है कि आने वाले चुनाव मे लोबिन हेम्ब्रम का जेएमएम से चुनाव लड़ना मुश्किल है।










