लोहरदगा : जिले के ठाकुरबाड़ी सहित विभिन्न जगन्नाथ स्वामी के मंदिरों में सोमवार को नेत्रदान उत्सव के साथ धार्मिक अनुष्ठान परंपरानुसार संपन्न हुआ। 20 जून को रथ यात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। आसाढ़ शुक्ल प्रतिपदा के दिन नेत्रदान उत्सव मनाने की परंपरा के तहत नेत्रदान अनुष्ठान शुरू हुआ। साथ ही भगवान जगन्नाथ स्वामी को स्नान कराकर भोग लगाया गया। इस विधि के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भगवान जगन्नाथ मंगलवार को रथ में सवार होकर अपने मौसी के घर घूमने जाएंगे और नौ दिनों के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर घर वापस लौटेंगे। महंत ओमप्रकाश शरण ने बताया कि मंदिर में पूजा सुबह 6ः00 बजे से ही शुरू होगी लेकिन अपराह्न साढ़े 3 बजे भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र व बहन शुभद्रा रथ पर सवार होकर ठाकुरबाड़ी मंदिर प्रागंण से निकलकर तेतरतर, थाना रोड, थाना चौक, शास्त्री चौक, रघुनंदन लेन व गुदरी बाजार से होकर महावीर चौक होते हुए महाराजा अग्रसेन पथ स्थित मौसीबाड़ी पहुंचेंगे।
धार्मिक अनुष्ठानों को संपन्न कराने में श्री श्री 108 श्री जगरनाथ महाप्रभु ठाकुरबाड़ी मंदिर लोहरदगा के महंत रामनरेश शरण जी, ठाकुरबाड़ी मंदिर पुजारी मोहनदास, पुरोहितों और सहयोगियों मे अयोध्या दास, मनोज दास, जितेंद्र दास, विष्णु दास, सर्वेश पाठक, आदित्य दास, शैलेश दास समेत अन्य शामिल थे।










