रांची : प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप से एनआईए और झारखंड पुलिस आठ दिनों तक पूछताछ करेगी। कोर्ट ने इसकी इजाजत दे दी है। सोमवार को दिनेश गोप को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस दौरान एनआईए ने दिनेश गोप को 15 दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की इजाजत कोर्ट से मांगी, लेकिन कोर्ट ने सिर्फ आठ दिनों की रिमांड की मंजूरी दी है। इन आठ दिनों में एनआईए की टीम दिनेश गोप से पूछताछ करेगी। संभावना जताया जा रहा है कि इन आठ दिनों की पूछताछ में कई राज खुल सकते हैं।
बता दें कि पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को झारखंड पुलिस और एनआईए की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया था। इसकी गिरफ्तारी नेपाल में हुई थी। बताया जाता है कि वह कई सालों से वेष बदलकर नेपाल में रह रहा था और वहीं से अपनी संगठन को चला रहा था। दिनेश गोप को नेपाल से दिल्ली लाया गया उसके बाद उसे विशेष विमान से रविवार को रांची लाया गया।









