सरायकेला : सरायकेला सदर अस्पताल में बीते 2 महीने से मनोचिकित्सक के उपलब्ध नहीं होने के चलते मानसिक रोगियों और उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मानसिक रोगी और परिजन जिले के दूरदराज क्षेत्र से यहां इलाज करने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लग रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रत्येक महीने के प्रथम शुक्रवार को सरायकेला सदर अस्पताल में मनोचिकित्सक उपलब्ध रहते हैं। जहां वे मनोरोगियों का इलाज करते हैं। लेकिन बीते 2 महीने से मनोचिकित्सक के उपलब्ध नहीं होने का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
सरायकेला जिले के एकमात्र सरकारी अस्पताल सदर में सरायकेला के अलावा खरसावां, कुचाई, नीमडीह , तिरूलडीह आदि दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र से मनोरोगी अपने परिजनों के साथ पहुंचते हैं। लेकिन इलाज नहीं होने के चलते उनके लिए दूर का सफर तय कर अस्पताल पहुंचना परेशानी भरा सबब साबित होता है।









