झारखंड विधानसभा में सोमवार को राज्य में पुलिस बल की कमी और अत्यधिक ड्यूटी का मामला उठा। बाघमारा से भाजपा विधायक शत्रुघन महतो ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस कर्मियों की भारी कमी के कारण अपराध का ग्राफ़ लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों से 24 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जो न केवल अमानवीय है बल्कि उनकी कार्यक्षमता को भी प्रभावित करता है। विधायक ने जल्द से जल्द पुलिस बल की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और ड्यूटी के लिए नियमावली बनाने की मांग की।
इस पर सदन में जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री योगेन्द्र महतो ने कहा कि राष्ट्रीय मानकों के हिसाब से राज्य में पुलिस बल की संख्या कम नहीं है। उन्होंने कहा कि 4919 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो जल्द ही पूरी होगी। साथ ही, मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि विशेष परिस्थितियों में ही पुलिसकर्मियों से अधिक ड्यूटी ली जाती है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पुलिस कर्मियों के कार्यभार को संतुलित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
भाजपा विधायक शत्रुघन महतो ने मंत्री के जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले डेढ़ साल से भर्ती प्रक्रिया की बातें सुनी जा रही हैं, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने सरकार पर दबाव डाला कि इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि कानून व्यवस्था बेहतर हो सके और पुलिसकर्मियों पर अनावश्यक दबाव न पड़े।