देवघर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देवघर आगमन 24 मई को है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। देवघर एयरपोर्ट से बाबा मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इस बाबत देवघर परिसदन में आज प्रशासन ने एक अहम बैठक की। जिसमें महामहिम राष्ट्रपति के देवघर एयरपोर्ट से लेकर बाबामंदिर और परिसदन में विश्राम करने क़ी संभावना को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम पर गहन मंथन किया गया। बता दें कि राष्ट्रपति द्रापैदी मुर्मू रांची में बने देश के सबसे बड़े हाई कोर्ट का उद्घाटन करेंगी। उससे पहले देवघर के प्रसिद्ध बाबा मंदिर में उनके पूजा अर्चना का कार्यक्रम तय है। जिसे लेकर शहर में भारी सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
दंडाधिकारी किए गए नियुक्त
राष्ट्रपति के काफिले वाले पूरे रूट पर चप्पे-चप्पे क़ी निगरानी के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों क़ी प्रतिनियुक्ति क़ी गई है। इसके अलावा दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। देवघर परिसदन से लेकर बाबा मंदिर तक में रंग रोगन के साथ ही साफ सफाई का काम जारी है। एयरपोर्ट से लेकर बाबा मंदिर तक महामहिम के रूट पर जगह-जगह बैरिकेडिंग क़ी जा रही है। सूत्रों के हवाले से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक, राष्ट्रपति देवघर में पूजा अर्चना करने के बाद सीधा रांची के लिए रवाना हो जायेंगी।
मंदिर के बाहर डॉग स्क्वायड की तैनाती
बाबा बैजनाथ मंदिर के बाहर डॉग स्क्वायड के द्वारा सभी जगह पर चेक किया जा रहा है। सुरक्षा में कहीं पर भी चूक नहीं हो उसको लेकर दो डॉग स्क्वायड की टीम को बाबा बैजनाथ मंदिर के बाहर जांच पड़ताल कराया जा रहा है।राष्ट्रपति के एयरपोर्ट आगमन फिर बाबा मंदिर और सर्किट हाउस तक तय रुट के अनुसार प्रशासन में कारकेड का मॉकड्रिल किया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी- एसडीओ
इस बाबत जानकारी देते हुए देवघर एसडीओ दीपांकर चौधरी ने बताया कि महामहिम के आगमन को लेकर साभी तैयारियां कर ली गई है। देवघर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस और फिर सर्किट हाउस से देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भ गृह में उन्हें सुलभता पूर्वक पूजा अर्चना कराया जाएगा। साथी एक सुखद अनुभूति लेकर देवघर से जाए इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।









