देवघर : जिला के झारखंडी पंचायत के सिमरा पोज सहित अन्य गांवों को जोड़ने वाली सड़क आज तक नहीं बन पाई है। हालात ऐसे हैं कि यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क के माध्यम से लगभग 6 गांव को जोड़ा जाता है, जिसमें एक 100 से भी अधिक परिवार मौजूद है।
मूलभूत सुविधाओं से कोसों दूर
आजादी के 76 साल बाद भी देवघर जिला के महज 8 किलोमीटर की दूरी पर बसा यह सभी गांव मूलभूत सुविधाओं से भी कोसों दूर है। एक तरफ हम विश्व गुरु बनने की तैयारी कर रहे हैं दूसरी तरफ आज भी गांवों में मूलभूत सुविधाएं लोगों को नहीं मिल रही है। यह सड़क सिर्फ गांवों को ही नहीं बल्कि इस क्षेत्र के सबसे बड़े विद्यालय को भी जोड़ती है। जहां बच्चों को बरसात के दिनों में आने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आज तक नहीं बनी सड़क
इस सड़क से लगभग 100 परिवारों के हजारों लोग आते जाते हैं, लेकिन इनकी सुविधाओं का ख्याल रखने वाला कोई नहीं है। कई बार विभाग को इसकी सूचना दी गई है। जनप्रतिनिधि को भी सूचना दी गई, बावजूद इसके उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थिति यह है कि दोनों तरफ खाई है, बीच में रास्ता है। जिससे कभी भी दुर्घटना होने का संभावना बना रहता है। ग्रामीण विभाग और जनप्रतिनिधि से गुहार लगा रहे हैं कि इन्हें मूलभूत सुविधाओं में से एक सड़क की सुविधा जल्द से जल्द मुहैया कराया जाए, ताकि यहां के ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी ना हो।









