सरायकेला खरसावां : जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित चिलुगू में शुक्रवार तड़के सुबह बिहार नवादा से टाटा लौट रही शिव शक्ति बस की जोरदार टक्कर आगे चल रहे टिप ट्रेलर से होने के चलते बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। जिससे बस में सवार 5 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें दो की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
ट्रेलर की टक्कर से बस के उड़े परखच्चे
मिली जानकारी के अनुसार नवादा से चलकर शिव शक्ति बस टाटा की ओर आ रही थी। इस बीच चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच33 चिलुगू के पास तेज रफ्तार बस ने पीछे से टिप ट्रेलर में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में कुल 45 यात्री सवार थे। कयास लगाया जा रहा है कि तड़के सुबह ड्राइवर को नींद आने के चलते यह हादसा हुआ होगा। घटना के बाद फौरन चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है। वहीं घटना की जानकारी होने पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू कर सभी यात्रियों को सकुशल बस से बाहर निकाला गया।










