सरायकेला खरसावां : जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बानाडूंगरी निवासी एक महिला ने दहेज के लिए पति समेत ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला ने पद्मश्री छुटनी महतो से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। बता दें कि कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बानाडूंगरी निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति के पुत्री की शादी के 2 माह बाद ही चांडिल घोड़ानेगी निवासी पति ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू किया।
मामले को लेकर पीड़ित महिला ने पूर्व में पद्मश्री छूटनी महतो से मिलकर मामले की जानकारी दी। जिसके बाद छुटनी महतो द्वारा सुलह कराते हुए महिला को वापस ससुराल भेजने पर सहमति बनाई, लेकिन पति कुछ महिलाओं के साथ ससुराल पहुंचा और पत्नी समेत रिश्तेदारों के साथ विवाद करते हुए विरोध करने पर अपनी सास को ही मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित महिला और परिजनों ने दोबारा पद्मश्री छूटनी महतो से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।










