चतरा : जिले में बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार कोयला लदे वाहन ने रौंद दिया, जिससे दोनों पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के टंडवा-रांची मुख्य पथ पर स्थित लरंगा गांव के समीप की है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने टंडवा रांची मुख्य सड़क को जाम कर दिया और कोल ट्रास्पोर्टिंग बंद कराने और मुआवजे की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं आक्रोशितों को कड़ी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर मुख्य सड़क से हटाया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। बाद में प्रशासन ने घंटों बाद जाम को मुक्त कराया।









