रांची : जमीन घोटाले मामले में ईडी ऑफिस पहुंचे रांची के सब रजिस्ट्रार वैभव मणि त्रिपाठी से पूछताछ हो रही है। उनसे बरियातू रोड स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की फर्जी दस्तावेज के आधार पर खरीद-बिक्री मामले में पूछताछ हो रही है। ईडी की टीम ने इस मामले में 4 नवंबर 2022 को त्रिपाठी के बरियातू रोड पर राधाकृष्ण गार्डन स्थित फ्लैट पर छापेमारी की थी। त्रिपाटी पर आरोप है कि जिस रैयत की जमीन है, उसके बिक्री पट्टे को फर्जी बताते हुए रद्द करने का प्रस्ताव तैयार किया।
बता दें कि रांची के वर्तमान सब रजिस्ट्रार वैभव मणि त्रिपाठी पूर्व से ही ईडी के रडार पर हैं। पिछले साल नवंबर महीने में पहली बार ईडी की टीम ने वैभव के ठिकाने पर छापेमारी की थी। छापेमारी के बाद विवादित जमीनों की रजिस्ट्री को लेकर ईडी ने वैभव से पूछताछ की थी, लेकिन 13 अप्रैल की छापेमारी के बाद जमीन घोटाले में ईडी को नए तथ्य हासिल हुए। इसके बाद ईडी नए सिरे से जांच कर रही है।
झारखंड में ईडी की लगातार दबिश
गौरतलब है कि फर्जी दस्तावेज के माध्यम से जमीन कब्जे को लेकर झारखंड में ईडी की दबिश हर तरफ देखने को मिल रही है। इसी फेहरिस्त मे ईडी खेल में शामिल बड़े खिलाड़ियों को ईडी दफ्तर बुला कर पूछताछ कर रही है। जहां 24 अप्रैल को आईएएस छवि रंजन से पूछताछ हुई है तो वहीं उन्हें एक बार फिर 04 मई को ईडी की दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अब इस मामले मे सब रजिस्ट्रार वैभव मणि त्रिपाठी और रांची के बड़े कारोबारी विष्णु अग्रवाल को ईडी ने समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
8 मई तक लगातार पूछताछ
मई महीने के पहले दिन सब रजिट्रार वैभव मणि त्रिपाठी से पूछताछ हो रही है। 2 मई को एडिशनल त्रिदिप मिश्रा, 4 मई को छवि रंजन और 8 मई को विष्णु अग्रवाल से ईडी के अधिकारी पूछताछ करेगी।









