रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में स्वीकृत पद से अधिक पदस्थापित परिचारी प्रवर का तबादला किया है। जिसमें तीन जिला के सार्जेंट मेजर (परिचारी प्रवर) अभी तक योगदान नहीं दिये। जिनमें सुशांत कुमार लातेहार जिलाबल से निगरानी ब्यूरो (रांची), अजित कुमार चौबे हजारीबाग जिलाबल से साहिबगंज जिलाबल, मंटु यादव चाईबासा जिलाबल से रामगढ़ जिलाबल किया गया है। ये लोग विगत तीन वर्षों से अधिक समय से पदस्थापित हैं।
वर्तमान में उन जिलों में दो-दो सार्जेंट मेजर स्वीकृत पद से अधिक पदस्थापित हैं। इस संबंध में झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से 26 अप्रैल 2023 को अधिसूचना जारी किया गया था उसके बावजूद वे लोग नवपदस्थापित जगह पर योगदान नहीं दिये। जिसको लेकर मुख्यालय ने नाराजगी जाहिर की है।

इसके बाद एक बार फिर झारखंड पुलिस महानिरीक्षक सह महानिदेशक कार्यालय की ओर से अधिसूचना 12 मई 2023 को जारी किया गया। आदेश पत्र में कहा गया है कि प्रासंगिक पत्र के द्वारा स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को उनके स्थानांतरित जिलाबल के लिए अविलंब विरमित करते हुए प्रतिवेदन पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाय। इसके बाद उक्त पदाधिकारी 15 मई 2023 तक अपने नवपदस्थापित जिलों में योगदान नहीं देते हैं तो उन्हें निलंबित कर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। यह अधिसूचना सभी जिलों के पुलिस अधिक्षकों को जारी किया गया है।









