अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दोपहर 12.05 बजे गोमो और कोडरमा रेलवे स्टेशनों के बीच परसाबाद के पास हुई। पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के चालक ने ओवरहेड तार गिरने के बाद ट्रेन को रोकने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इस कारण झटका लगने से दो यात्रियों की मौत हो गई।
धनबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमरेश कुमार ने कहा कि बिजली की आपूर्ति अचानक बंद होने पर ट्रेन को रोकने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाया गया और झटका लगने से दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। उन्होंने कहा कि कोडरमा-गोमो खंड में दुर्घटना के बाद चार घंटे से अधिक समय तक ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। बाद में धनबाद रेलवे डिवीजन के तहत ग्रैंड कॉर्ड लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को डीजल इंजन से गोमो लाया गया और फिर इलेक्ट्रिक इंजन से दिल्ली रवाना किया गया।