पश्चिम सिंहभूम के कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र के जंगलों में वर्षों से अपना मजबूत साम्राज्य स्थापित किये भाकपा माओवादी नक्सलियों को उखाड़ने के लिए पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों ने बडे़ स्तर पर ऑपरेशन प्रारंभ किया. सूत्रों की मानें तो यह ऑपरेशन 11 अक्टूबर से प्रारंभ किया गया है. भारी तादाद में पुलिस बल को विभिन्न थाना क्षेत्र के जंगल रास्ते कोल्हान जंगल में शरण लिये नक्सलियों के गढ़ में भेजा जा रहा है.
बताया जा रहा है कि यह नक्सलियों के खिलाफ अब तक का सबसे बडा़ ऑपरेशन है. हालांकि कोल्हान वन क्षेत्र में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल धीरे-धीरे दर्जनों पुलिस कैंप नक्सलियों के खात्मे के लिए स्थापित कर निरंतर अभियान चलाते आ रहे थे. इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस, नक्सली व आम ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ा है.
बीते 27 सितंबर को नक्सलियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए कोल्हान जंगल में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बडे़ पैमाने पर अपना 19वां स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया था. कार्यक्रम की तस्वीरें व वीडियो भी नक्सलियों ने मीडिया को जारी किया था. जिसमें भारी संख्या में महिला नक्सली भी हथियार लिये सांस्कृतिक व क्रांतिकारी गीत गाते, नाचते नजर आये थे. सूत्रों के अनुसार यह कार्यक्रम नक्सलियों ने गोईलकेरा थाना क्षेत्र के कोल्हान जंगल अन्तर्गत गम्हरिया पंचायत के कारा-खजुरिया गांव क्षेत्र के घने जंगलों में आयोजित किया था.










