स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा झारखंड पुलिस में कार्यरत अधिकारी और सामान्य पुलिसकर्मियों की किसी दुर्घटना में मौत हो जाने पर परिजनों को 50 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। स्थायी या पूर्ण विकलांगता पर भी 50 लाख रुपए मिलेंगे। वहीं प्लेन दुर्घटना में किसी पुलिसकर्मी की मौत होती है तो उनके आश्रित परिजनो को 1 कराेड़ रुपए की राशि दी जाएगी। इसको लेकर झारखंड पुलिस और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच पुलिस सैलरी पैकेज के तहत सोमवार को एमओयू किया गया। एसबीआई की यह योजना आर्मी में भी लागू है।
दाे बच्चों काे उच्च शिक्षा के लिए अतिरिक्त 10 लाख रुपए
एमओयू के अनुसार राज्य के सभी पुलिसकर्मियों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर आश्रित दाे बच्चों काे उच्च शिक्षा के लिए अतिरिक्त 10 लाख रुपए तथा दाे बेटी की शादी के लिए अधिकतम 10 लाख दिए जाने का प्रावधान किया गया है। नक्सल हिंसा, उग्रवादियों एवं अपराधियाें द्वारा किए गए हमलों में शहीद हाेने पर आश्रित को अतिरिक्त 10 लाख रुपए मिलेंगे, जाे 50 लाख के अतिरिक्त हाेगा। एमओयू के तहत भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सभी पुलिसकर्मियों को रू-पे प्लेटिनम कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत दुर्घटना आदि में मौत हाेने पर 10 लाख रुपए का अतिरिक्त बीमा कवर उपलब्ध होगा।
कई गणमान्य थे उपस्थित
एमओयू के मौके पर पुलिस मुख्यालय की ओर से एडीजी मुख्यालय मुरारी लाल मीणा, एडीजी अभियान डा. संजय आनंदराव लाठकर, आईजी मुख्यालय मनोज कौशिक, आईजी मानवाधिकार अखिलेश झा, आईजी अभियान अमोल वीनुकांत होमकर, आईजी प्रोविजन प्रभात कुमार, डीआईजी कार्मिक अनुपु विजया लक्ष्मी, डीआईजी बजट डा. शम्स तबरेज के अलावा झारखंड पुलिस एसोसिएशन, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन, झारखंड चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ व एसबीआइ पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक शिव ओम दीक्षित, एसबीआइ रांची जोनल कार्यालय के महाप्रबंधक प्रभास बोस, रिजनल मैनेजर देवेश मित्तल, आलोक रंजन व कारपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर विकास कुमार पांडेय उपस्थित थे।










