झारखंड के पलामू में एक कार ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से घर लौट रहे लोगों के एक समूह को कुचल दिया। इस घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सीएम ने जताया शोक, कार्रवाई का आदेश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर घटना के संबंध मे लिखा,पलामू के चैनपुर क्षेत्र में बरांव के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 4 लोगों की मृत्यु एवं अन्य के घायल होने की दुःखद खबर मिली है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सूचित करें।
घायलों का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज
घटना सोमवार को रांची से करीब 175 किमी. दूर चैनपुर पुलिस थाना क्षेत्र में आने वाले बरांव गांव में हुई। हादसे का शिकार हुए लोग सावन माह के आखिरी सोमवार के मौके पर गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद घर लौट रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिषभ गर्ग ने बताया, ‘‘हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। घायलों का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।’’










