● माननीय सांसद, पलामू लोकसभा क्षेत्र की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न
● सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत एवं राशन वितरण समेत विभिन्न योजनाओं की हुई व्यापक समीक्षा, दिए गये महत्वपूर्ण निदेश
● जनहित सर्वोपरि, विकास कार्यों में किसी प्रकार लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : सांसद वीडी राम
● निर्धारित समयसीमा में विकास योजनाएं पूर्ण करने की कही बात
आज समाहरणालय के सभागार में विष्णु दयाल राम, माननीय सांसद, पलामू लोक सभा क्षेत्र की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने माननीय सांसद, माननीय विधायकगण व विधायक प्रतिनिधियों समेत बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। तत्पश्चात बैठक की कार्यवाही आरंभ की गई। बैठक में अपर समाहर्ता विकास कुमार राय द्वारा एक-एक कर पिछले दिशा के बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन की जानकारी समिति के समक्ष रखी गई।
बैठक में माननीय सांसद द्वारा मुख्य रूप से सड़क निर्माण के तहत विभिन्न विभागों यथा- पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, जलपथ प्रमंडल, राष्ट्रीय उच्च पथ, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि समेत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, वन विभाग से जुड़े मामले, भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा विभाग से जुड़े मामले, कल्याण विभाग अंतर्गत मामले, आपूर्ति विभाग अंतर्गत राशन वितरण, धान अधिप्राप्ति, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामलें, श्रम विभाग, लघु सिंचाई, जलपथ, अनुसंधान, जलछाजन, कदवन बांध प्रमंडल, नगर परिषद, नगर पंचायत, खनन, उद्योग विभाग समेत अन्य मामलों पर विस्तार पूर्वक समीक्षा कर पूर्व में दिए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली गई एवं समीक्षा के उपरांत संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

सर्वप्रथम पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, जलपथ प्रमंडल, राष्ट्रीय उच्च पथ, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि के तहत संचालित सड़क निर्माण, पुल पुलिया निर्माण आदि की समीक्षा करते हुए कार्य प्रगति में तेजी लाने हेतु आवश्यक निदेश दिया गया।
*पथ निर्माण विभाग* की समीक्षा के दौरान माननीय विधायक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र द्वारा पूर्व में उठाए गए बिन्दुओं, जिसमें नगर ऊंटारी-गरबाँध-रोहिणिया पथ निर्माण कार्य की चर्चा की गई, जिसमें निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच कमेटी गठित कर करने का सुझाव दिया गया था। साथ ही माननीय सांसद -सह- अध्यक्ष द्वारा भू-अर्जन की स्थिति में संबंधित रैयतों को नियमानुसार मुआवजा की राशि का भुगतान करने व सभी योजनाओं का कार्य प्राक्कलन की विशिष्टियों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत पूर्ण कराने का निदेश दिया गया था।
अनुपालन में कार्यपालक अभियंता द्वारा उक्त पथ के निर्माण कार्य से संबंधित प्रतिवेदन से सदन को अवगत कराने का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि नगर उँटारी-रोहिनियाँ वाया गरबांध पथ का अनुमण्डल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमण्डल, गढ़वा एवं अंचल अधिकारी नगर उँटारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। संयुक्त जाँच के दौरान पथ के विभिन्न भागों का स्थल पर भौतिक एवं गुणवत्ता की जाँच की गई। निरीक्षण के क्रम में सड़क की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य की प्रगति, सड़क की सतह, कैरिजवे, शोल्डर, जल निकासी की व्यवस्था, रेन कट से प्रभावित स्थल तथा अन्य संबंधित निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार हेतु सुझाव दिया गया। वहीं माननीय सांसद सह अध्यक्ष श्री वीडी राम द्वारा दिए गए निदेश के अनुपालन में बताया गया कि रैयतों के मुआवजा भुगतान हेतु भू-अधिग्रहण प्रस्ताव के विरुद्ध भू-अर्जन कार्यालय गढ़वा द्वारा भुगतान की कार्रवाई की गई है।

*भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI)* के कार्यों की समीक्षा के दौरान माननीय सांसद सह अध्यक्ष द्वारा NH-39 बाईपास में बेलचम्पा के पास जहाँ लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं। वहां पर्याप्त संख्या में लाईट एवं सी०सी०टी०मी० कैमरा लगवाने तथा ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने का निदेश PD, NHAI को दिया गया था। साथ ही माननीय विधायक, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र द्वारा बताया गया कि NH-39 में NHAI द्वारा बेलासपुर टोल प्लाजा पर स्थानीय ग्रामीणों से टोल टैक्स लिया जा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है।
इस सन्दर्भ में परियोजना निदेशक ने बताया कि पुराने एनएच-39 का निर्माण कार्य स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) द्वारा कराया जा रहा है। साथ ही बिलासपुर टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली नियमों के अनुरूप की जा रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग फीश (दरों का निर्धारण और संग्रहण) नियम 2008 के अनुसार टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों (गैर वाणिज्यिक वाहन मालिकों) को रियायती मासिक पास (Local Pass) का प्रावधान है, जो सिर्फ 360 रूपये में उपलब्ध है। NHAI के द्वारा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया है। फलस्वरूप बहुत सारे स्थानीय लोगों के द्वारा मासिक पास भी बनवाया गया है।
*SHAJ* द्वारा कराया जा रहा है पथ निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान माननीय विधायक, गढ़वा विधान सभा क्षेत्र द्वारा बताया गया कि रेहला से गढ़वा पथ जिसका निर्माण SHAJ द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें पथ निर्माण कार्य को प्राक्कलन के विशिष्टियों के अनुरूप नहीं कराकर मनमाने तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। माननीय सांसद -सह- अध्यक्ष द्वारा प्राक्कलन की विशिष्टियों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ नियमानुसार पथ का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निदेश कार्यपालक अभियंता, SHAJ को दिया गया एवं SHAJ को उक्त मामले में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
*ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग* आदि से अन्य सड़कों के निर्माण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई तथा जिले में संचालित सड़क निर्माण एवं पुल पुलिया निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
*जलपथ प्रमंडल* के तहत कार्यान्वित सोन-कनहर पाईप लाईन जलापूर्ति योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। बैठक में उपस्थित जलपथ प्रमण्डल, गढ़वा के प्राक्कलन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्त्तमान समय तक अधिकांश लगभग 90% तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है, शेष कार्य प्रगति पर है। माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष श्री राम द्वारा सोन-कनहर पाईप लाईन जलापूर्ति योजना का कार्य प्राक्कलन की विशिष्टियों के अनुसार निर्धारित समयानुसार पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। योजना के कार्य की समीक्षा करते हुए सांसद द्वारा कार्य में गति प्रदान करने हेतु कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया।
जिले के विभिन्न प्रखंडों में *पेयजल* के समुचित व्यवस्था कराने आदि महत्वपूर्ण बिन्दु के संबंध में भी चर्चा की गई तथा विभाग के तय मानकों के आधार पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंड प्रमुखों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में पाइप जलापूर्ति योजना के प्रारंभ नहीं होने, खराब चापानलों एवं जलमिनारों को दुरुस्त नहीं करने एवं पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क को क्षतिग्रस्त होने आदि की शिकायत की गई। बैठक में पेयजल से संबंधित प्राप्त शिकायत पर मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता को गढ़वा जिला अन्तर्गत सभी पेयजलापूर्ति योजनाओं को प्राक्कलन के विशिष्टियों के अनुरूप निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत पूर्ण कराते हुए, सभी प्रखण्डों एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति आरम्भ करने संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। साथ ही कार्यपालक अभियंता पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल ने जिले के विभिन्न प्रखंड, पंचायत में अधिष्ठापित ख़राब चापाकलों एवं नलकूपों को ससमय दुरुस्त करने की बात कही।
*नगर परिषद गढ़वा, नगर पंचायत मझिआंव एवं श्री बंशीधर नगर* की समीक्षा के दौरान सांसद ने नगर निकायों को आवंटित राशि का कम-से-कम 5 प्रतिशत भाग सांसद एवं विधायक अनुशंसा से प्राप्त जनहितकारी योजनाओं पर खर्च करने का निर्देश दिया।
*शिक्षा विभाग* की समीक्षा में जिले में शिक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए बैठक में माननीय सांसद ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से विद्यालयों में हो रहे पठन-पाठन, उनमें पेयजल की व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था एवं उन्हें दी जाने वाली भोजन, पठन-पाठन, बैठने की समुचित व्यवस्था आदि की जानकारी लिया। साथ ही सभी स्कूलों में सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से संबंधित प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों के स्थान पर अन्य व्यक्तियों द्वारा शिक्षण कार्य कराए जाने का मुद्दा भी उठा। इस पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक को दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि पूर्व बैठक में उठाये बिंदुओं पर दोषी पाएगा शिक्षकों के ऊपर नियमानुसार कार्रवाई करने के बात बताई गई।
*स्वास्थ्य विभाग* की समीक्षा के दौरान भवनाथपुर विधायक ने डंडई प्रखंड अस्पताल में विद्युत व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया। मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डंडई में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने अन्य बिंदुओं के अनुपालन में बताया कि जिले के सभी अस्पतालों में 108 एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था की गई है। अनुमण्डलीय अस्पताल, नगर उँटारी में 01 (एक) 108 एम्बुलेंस तथा 01 (एक) विभागीय एम्बुलेंस क्रियाशील है। मरीजों को उच्च स्तरीय इजाल हेतु एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भण्डरिया में कुल-02 (दो) एम्बुलेंस उपलब्ध है। भण्डरिया प्रखण्ड के लिए 01 (एक) 108 एम्बुलेंस तथा 01 (एक) विभागीय एम्बुलेंस उपलब्ध है। भण्डरिया में उपलब्ध एम्बुलेंस के द्वारा ही आवश्यकतानुसार बड़गड़ क्षेत्र की जनता को एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही भण्डरिया एवं बड़गड़ क्षेत्र के लिए 05 ममता वाहन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके द्वारा गर्भवती महिला को स्वास्थ्य संस्थान आने-जाने की सुविधा निःशुल्क दी जा रही है।
बैठक में माननीय विधायक 80 गढ़वा विधानसभा क्षेत्र सत्येंद्र नाथ तिवारी एवं 81 भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र अनंत प्रताप देव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने कई आवश्यक मुद्दे उठाए एवं कई सुझाव भी दिए। बैठक में उपस्थित विभिन्न पंचायत समिति अध्यक्ष द्वारा भी सदन में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आपूर्ति, सड़क निर्माण, मनरेगा, बालू उठाव आदि कई मुद्दे उठाए गए, जिसे गंभीरता से ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारी को आवश्यक सुधार करने हेतु निर्देशित किया गया।
माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष द्वारा *कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमण्डल, गढ़वा* से जिला अन्तर्गत विद्युतीकरण के लिए छुटे हुए सभी ग्राम एवं टोलों में विद्युतीकरण एवं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर पोल एवं तार को बदलने, कृषि कार्य हेतु अलग फीडर की व्यवस्था करने एवं अस्पतालों में विद्युत व्यवस्था से संबंधी जानकारी प्राप्त की गई एवं समुचित कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमण्डल, गढ़वा द्वारा बताया गया कि गढ़वा जिलान्तर्गत विद्युतीकरण के लिए छुटे हुए सभी ग्राम एवं टोलों की सूची विद्युतीकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर पोल एवं तार को बदलने का कार्य RDSS Scheme के तहत किया जा रहा है एवं छूटे हुए ग्रामों/टोलों में विद्युतीकरण हेतु मुख्यमंत्री उज्जवल झारखण्ड योजना के तहत छूटे हुए 120 टोलों का विद्युतीकरण किया गया है। शेष टोलों में विद्युतीकरण का कार्य प्रगति पर है। आरडीएसएस योजना के द्वारा 1458.22 किलोमीटर नंगे तारों को केबल तारों से बदल दिया गया है।
माननीय सांसद -सह- अध्यक्ष द्वारा बैठक के दौरान *आपूर्ति विभाग* के तहत राशन वितरण की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के विरुद्ध धान की अधिप्राप्ति की चर्चा की गई। धान अधिप्राप्ति के पश्चात किसानों को विक्रय की गई धान की राशि एवं बोनस की राशि भुगतान के संबंध में जिला पूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में अद्यतन कुल 4925 किसानों से 434709.86 (चार लाख चौतीस हजार सात सौ नौ दशमलव छयासी) क्वी० धान की खरीद की गई है, जिसके विरूद्ध 1065039166.80 (एक अरब छः करोड़ पचास लाख उनचालीस हजार एक सौ छयासठ रूपये अस्सी पैसे) की राशि बोनस सहित शत् प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है।
*सामाजिक सुरक्षा* के तहत चलाये जा रहे सर्वजन पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत भुगतान के संबंध में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा से जानकारी प्राप्त की गई एवं लाभुकों को पेंशन एवं सम्मान राशि भुगतान करने की दिशा में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
वहीं *खनन विभाग* की समीक्षा के दौरान माननीय विधायक, गढ़वा विधान सभा क्षेत्र द्वारा बताया गया कि NHAI एवं अन्य कार्य एजेंसियों के द्वारा कई स्थानों यथा- चेतना से अवैध रूप से मिट्टी उत्खनन किया जा रहा है, जिससे 30 फीट से अधिक गड्डा हो गया है। पिछले कुछ माह पहले वहाँ डुबने से 4 बच्चों की मौत हो गई थी। अवैध रूप से मिट्टी उत्खनन से सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। इस संबंध में खनन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त स्थल का निरीक्षण खान निरीक्षक के द्वारा किया गया तथा मिट्टी उत्खनन किये गये स्थल के चारों तरफ सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोहे की तार से घेराबंदी करते हुए फेंसिंग कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न अन्य विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कुछ मामलों में पूर्व में दिए निर्देशों का अनुपालन नहीं करने को लेकर सांसद द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार ससमय कार्य करने एवं दिए जाने वाले निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करने को कहा गया, जिससे सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जा सके एवं अधिक से अधिक लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा सके।
बैठक के अंत में उन्होंने कहा कि हमें सकारात्मक सोच रखते हुए जनहित में कार्य करने की आवश्यकता है, जिससे हम लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एवं क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे सके। माननीय सांसद की अनुमति से बैठक की कार्यवाही की समाप्ति की घोषणा की गई एवं आगे की आयोजित किए जाने वाले दिशा की बैठक को निर्गत दिशा निर्देशों के अनुरूप करने को कहा गया।
उक्त बैठक में उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, माननीय विधायक गढ़वा रंका विधानसभा क्षेत्र सत्येंद्र नाथ तिवारी, माननीय विधायक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र अनंत प्रताप देव, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, नगर परिषद अध्यक्ष गढ़वा आशीष कुमार सोनी, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी सामाजिक वानिकी, अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर एवं गढ़वा, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी प्रखंड प्रमुख, समिति के अन्य सदस्य समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता आदि समेत वर्चुअल रूप से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व अन्य संबंधित उपस्थित थें।










