राजधानी रांची से पश्चिम बंगाल के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन आज से शुरू हो रही है। इस ट्रेन को रांची रेलवे स्टेशन से रवाना किया जाएगा। दिन के 12.30 बजे यह ट्रेन संख्या 02098 बन कर रांची से रवाना होगी। इसके शुभारंभ को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। यह ट्रेन नियमित रूप से 27 सितंबर से यात्रा करेगी। यह आठ कोच वाला ट्रेन है। जानकारी के मुताबिक रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस सात घंटे में अपनी यात्रा पूरी करेगी।
रांची से हावड़ा के लिए वंदे भारत का किराया
रांची से हावड़ा के लिए शुरू हो रही वंदे भारत का किराया तय है। एग्जीक्यूटिव क्लास में सफर करने के लिए यात्री को 2200 रुपए देने होंगे। इसमें कैटरिंग चार्ज शामिल है। अगर बिना कैटरिंग के यात्रा करनी है तो यात्री को 2045 रुपए खर्च करने होंगे। कैटरिंग चार्ज के साथ चेयर कार में यात्रा करने के लिए किराया 1155 रुपए और बिना कैटरिंग के 1030 रुपए है।
जानिए ट्रेन का टाइम टेबल
रेलवे शेड्यूल के मुताबिक रविवार को यह ट्रेन रांची से स्पेशल ट्रेन बन कर दिन के 12:30 बजे रवाना होगी। 13:39 बजे मुरी पहुंचेगी और यहां से 13:40 बजे प्रस्थान करेगी। 14:10 बजे कोटशिला पहुंचने के एक मिनट बाद 14:11 बजे यहां से खुलेगी। पुरुलिया में इस ट्रेन का आगमन 15:23 बजे होगा। फिर 15:24 बजे पुरुलिया से चलकर 16:00 बजे बराभूम पहुंचेगी। 16:01 बजे बराभूम से चलेगी और 16:30 बजे चांडिल पहुंचेगी। 16:31 बजे चांडिल से प्रस्थान करने के बाद 17:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी। यहां से 17:35 बजे प्रस्थान करेगी और 18:19 बजे घाटशिला पहुंचेगी। 18:20 बजे घाटशिला से चलकर 19:04 बजे झारग्राम पहुंचेगी। झारग्राम से 19:05 बजे खुलेगी और 20:00 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। 20:01 बजे खड़गपुर से चलकर 22:00 बजे हावड़ा जंक्शन पहुंच जाएगी।










