झारखंड में 23 और 24 अक्टूबर को रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से दुर्गा पूजा को लेकर एक विशेष बुलेटिन जारी किया गया है। इसके अनुसार 23 अक्टूबर को रांची शहर में दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। जबकि 24 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना हैं। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी इन दो दिनों में आंशिक बादल के छाये रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों का न्यूनतम तापमान 15 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 23 से 25 अक्टूबर के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कई इलाके में बादल छाये रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 26 अक्टूबर से आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के अनुसार रांची के अलावा संताल परगना प्रमंडल के साहेबगंज, पाकुड़, देवघर, दुमका और गोड्डा के अलावा धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, लोहरदगा और रामगढ़ में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान और बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान ‘तेज’ का झारखंड में आंशिक असर देखने को मिलेगा। जबकि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण 24 और 25 अक्टूबर को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है।










