● स्वीप के तहत बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क में रात्रि चौपाल का आयोजन
● कार्यक्रम में काफी संख्या में आम नागरिकों की रही मौजूदगी
● मतदान से संबंधित क्विज़ प्रतियोगिता कर किया मतदाताओं को जागरूक
● 13 नवम्बर को अवश्य रूप से मतदान करने हेतु की गई अपील
● रात्रि चौपाल में विभिन्न जानकारियों से कराया गया अवगत
मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं नैतिक मतदान करने के उद्देश्य से निर्वाचन के स्वीप कोषांग द्वारा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम गढ़वा जिलान्तर्गत मतदाता जागरूकता के कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मतदाताओं को दिनांक 13 नवंबर 2024 को मतदान हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से स्थानीय बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क गढ़वा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त शेखर जमुआर एवं नोडल पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा की उपस्थिति में किया गया।

स्वीप द्वारा आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम में काफी संख्या में आम नागरिक, बृद्ध, महिला एवं युवा मतदाता, फर्स्ट टाइम (वोटर) मतदाता, विभिन्न कार्यालयों/विभागों के पदाधिकारी/कर्मी आदि ने भाग लिया। रात्रि चौपाल में मतदान संबंधी विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके जरिये मुख्य तौर पर जरूर मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं ने अपना अनुभव साझा किया।

रात्रि चौपाल कार्यक्रम में उपस्थित सभी आमजनों के बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री जमुआर द्वारा शपथ-पत्र के माध्यम से आगामी विधानसभा निर्वाचन 2024 में अवश्य हिस्सा लेने एवं नैतिक रूप से मतदान कर जिम्मेवार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।











