रांची: रांची में अपराधियों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ से 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है। अपराधियों ने धमकी दी है कि अगर तीन दिनों के भीतर राशि नहीं दी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है और संजय सेठ इन दिनों दिल्ली में हैं। धमकी उन्हें मोबाइल पर मैसेज के जरिए दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सतर्क हो गईं। संजय सेठ ने तुरंत दिल्ली पुलिस को इस घटना के बारे में बताया। इसके बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह धमकी रांची के होसिर इलाके से भेजी गई है। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता को सूचित किया। झारखंड पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
यह पहली बार है जब किसी केंद्रीय मंत्री को रांची से इस तरह धमकी देकर रंगदारी मांगी गई है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाले अपराधी कौन हैं और उनका उद्देश्य क्या है। संजय सेठ की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।










