जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत चर्च के समीप स्थित आदिवासी हाई स्कूल में पढ़ने वाली पांच छात्राओं को तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांचों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी छात्राओं को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां दो छात्राओं की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घायल छात्राओं में अष्टमी कुमारी, शानू कुमारी, रश्मि कुमारी, सुरभि कुमारी और खुशी कुमारी शामिल हैं। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पांचों छात्राएं भालूबासा आदिवासी जनकल्याण उच्च विद्यालय की हैं और स्कूल जाने के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना की वजह बाइक सवार का तेज रफ्तार था, जो कि स्कूल के ही कक्षा 9 का छात्र था। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद बाइक सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने सीतारामडेरा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल सभी घायलों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है और प्रशासन उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला शिक्षा पदाधिकारी भी एमजीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्राओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन को उनके इलाज के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस हादसे ने छात्रों के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता की लहर दौड़ा दी है, और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।










