झारखंड सरकार महिला दिवस के अवसर पर राज्य की 38 लाख महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को विधानसभा में घोषणा की कि मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं के खाते में 7,500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रमजान और होली को ध्यान में रखते हुए यह राशि महिलाओं के लिए मददगार होगी। सरकार ने यह फैसला किया है कि होली से पहले सभी पात्र लाभुकों के खाते में पैसे भेज दिए जाएंगे।
झामुमो विधायक मंगल कालिंदी ने सरकार से पूछा था कि मंईयां योजना के पैसे लाभुकों के खाते में कब आएंगे? इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ तकनीकी दिक्कतें थीं, जिन्हें दूर कर लिया गया है। अब शनिवार से पैसे ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू होगी और होली से पहले सभी महिलाओं के खाते में राशि पहुंच जाएगी। इस योजना के तहत लाभुकों के बैंक खातों में पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) के जरिए सीधे पैसे भेजे जाएंगे।
महिला दिवस पर झारखंड की 38 लाख महिलाओं को सरकार की ओर से खास तोहफा मिलने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला दिवस पर महिलाओं को खुशी देने के लिए यह राशि जारी की जा रही है। इससे पहले भी राज्य सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, जो उनके जीवन को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो रही हैं।










