रामगढ़, झारखंड: रविवार को रामगढ़ जिले के होटल शिवम इन के सभागार में झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन (जेएफए) की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता जेएफए के अध्यक्ष अर्चित आनंद ने की, जिसमें महासचिव जय कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष करमवीर उरांव, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार, रामगढ़ जिला फेंसिंग एसोसिएशन के चेयरमैन विजय मेवाड़, और कार्यकारी अध्यक्ष संजेश मोहन ठाकुर सहित रांची, हजारीबाग, चतरा, गढवा, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा, गोड्डा, गुमला आदि 15 जिला संघों के पदाधिकारी, टेक्निकल ऑफिशियल्स और खिलाड़ी उपस्थित थे। सभा की शुरुआत जिला संघ के चेयरमैन विजय मेवाड़ के स्वागत भाषण और सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मान के साथ हुई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में अर्चित आनंद ने फेंसिंग खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं साझा कीं। महासचिव जय कुमार सिन्हा ने संघ के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने सरकार से खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं की मांग हेतु प्रस्ताव रखने की अपील की। साथ ही, स्टेट और नेशनल प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर चर्चा हुई, जिसमें जिला संघों के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने फेंसिंग में झारखंड की पदक तालिका को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए। सिन्हा ने जिला संघों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की सलाह दी।
सभा में सभी जिला संघों के बीच एकजुटता और सहयोग पर जोर दिया गया। आयोजन को यादगार बनाने के लिए रामगढ़ जिला फेंसिंग संघ ने सभी पदाधिकारियों को टी-शर्ट और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी अध्यक्ष संजेश मोहन ठाकुर ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में रामगढ़ जिला फेंसिंग संघ के चेयरमैन विजय मेवाड़, अध्यक्ष दिनेश कुमार, सचिव राकेश कुमार मिश्रा और अन्य पदाधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।
-रिपोर्टर: कुमार मिश्रा










