- जिले में आयोजित PM Apprenticeship Mela-सह-भर्ती कैंप में युवाओं का उत्साहपूर्ण सहभाग, 20 अभ्यर्थियों को मिला ऑन-द-स्पॉट ऑफर लेटर
गढ़वा। जिला नियोजन कार्यालय, गढ़वा के तत्वावधान में आज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), हंसकेर, गढ़वा परिसर में PM Apprenticeship Mela-सह-भर्ती कैंप का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के लिए प्रोत्साहित करना था।

मेले में विभिन्न MSME, Manufacturing Sector, Service Sector एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों/उपक्रमों ने भाग लिया। इस अवसर पर तकनीकी प्रशिक्षणार्थियों (आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, शॉर्ट टर्म स्किल आदि) के साथ-साथ गैर-तकनीकी अभ्यर्थियों (5वीं से स्नातक तक) का राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराया गया तथा प्रतिष्ठानों द्वारा आवश्यकता के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन भी किया गया।

कार्यक्रम में कुल 05 प्रतिष्ठानों ने भाग लिया, जिनमें श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, जन शिक्षण संस्थान गढ़वा, AISECT मेगा स्किल मेराल, टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज तथा रुचिता एसोसिएट्स, हैदराबाद शामिल रहे। इन प्रतिष्ठानों द्वारा कुल 645 अप्रेंटिसशिप ट्रैंनिंग/रोजगार रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं।
मेले में कुल 137 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें 12 महिला अभ्यर्थी भी शामिल थीं। विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा 23 अभ्यर्थियों का शॉर्टलिस्टिंग किया गया, जबकि 20 अभ्यर्थियों को ऑन-द-स्पॉट ऑफर लेटर दिया गया, जो कार्यक्रम की सफलता का महत्वपूर्ण संकेत है।
इस संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि ने बताया कि अपरेंटिसशिप पोर्टल पर निबंधित अभ्यर्थियों को संबंधित एजेंसियों एवं कंपनियों द्वारा राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS) के तहत चयनोप्रांत नियमानुसार मासिक वृत्ति (Stipend) प्रदान की जाएगी। रोजगार के लिए चयनित अभ्यर्थी सम्बंधित संस्थान में योगदान दें सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योगों और प्रशिक्षित मानव संसाधन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक एवं पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उपस्थित होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।










