▫️गढ़वा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूर्ण
▫️उपायुक्त की सतत निगरानी में युद्धस्तर पर चल रहा अभियान, 29 जुलाई तक सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर 5 अगस्त को प्रकाशित होगी मतदाता सूची का प्रारूप
▫️वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से SIR कार्यों की हुई समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने का दिया निदेश
▫️आगामी 22 जुलाई को सभी मतदान केन्द्रों पर BLO एवं BLA-2 तथा चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित कराने का निदेश
▫️शहरी क्षेत्रों में अवस्थित सभी मतदान केन्द्रों पर दिनांक 18.07.2026 एवं 20.07.2026 को विशेष कैम्प का आयोजन कर शेष कार्यों को निष्पादित करने का निदेश
▫️आम मतदाताओं से विशेष कैंप में शामिल होकर SIR प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील
************************************
गढ़वा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत गढ़वा जिला प्रशासन मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
अभियान की प्रगति पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा स्वयं नियमित रूप से नजर बनाए हुए हैं। वे लगातार समीक्षा बैठकों के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की प्रगति का आकलन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक कार्य को पूरा कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिले के सभी बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा रहा है, भरे हुए प्रपत्रों का संग्रह किया जा रहा है तथा उनके सत्यापन, डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से तेज गति से संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन का लक्ष्य 29 जुलाई 2026 तक सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप 05 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन सुनिश्चित करना है।

अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) नियमित समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। वहीं, सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रत्येक गणना प्रपत्र का समयबद्ध सत्यापन, डिजिटाइजेशन तथा ऑनलाइन अपलोड निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो।
अभियान के तहत गढ़वा जिले ने अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिले में कुल 8,62,092 गणना प्रपत्रों, अर्थात 100 प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त 593091 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 1153 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 592423 प्रपत्रों का सफल सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जा चुका है। यह उपलब्धि अभियान के प्रभावी संचालन, प्रशासनिक सक्रियता और मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अभियान के दौरान विशेष श्रेणी के मतदाताओं की पहचान का कार्य भी निर्धारित मानकों के अनुरूप जारी है। अब तक जिले में ASDDF के 2499, DSE (Demographic Similar Entries) के 10998 तथा Uncollectable Forms के 6850 Electors चिन्हित किए जा चुके हैं। इन सभी मामलों का निष्पादन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।
यदि विधानसभावार प्रगति की बात करें तो 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां सभी 4,26,661 गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही 273857 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 682 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 273461 प्रपत्रों का सफल सत्यापन किया जा चुका है।

इसी प्रकार 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं। यहां भी 4,35,431 गणना प्रपत्रों का वितरण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब तक 319234 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 471 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 318962 प्रपत्रों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
SIR कार्यों की सतत निगरानी व कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मिश्रा ने वर्चुअल रूप से बैठक आयोजित कर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) को आवश्यक दिशा निर्देश निर्गत किया गया। बैठक के दौरान जिले के कुछ प्रखंड यथा- धुरकी, डंडई, खरौंधी आदि में अपेक्षाकृत कार्य में धीमी प्रगति को देखते हुए विशेष निर्देश निर्गत करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, मंत्रिमण्डल (निर्वाचन) विभाग, झारखण्ड, रांची से प्राप्त निदेश के आलोक में उपायुक्त द्वारा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026 के तहत् गणना चरण अवधि में शेष गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाईजेशन कार्य के लिए दिनांक 18.07.2026 एवं 20.07.2026 को शहरी क्षेत्रों अंतर्गत अवस्थित सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष कैम्प आयोजित किये जाने हेतु निदेशित किया गया।
गढ़वा जिला अंतर्गत 80-गढ़वा वि०स०क्षेत्र एवं 81-भवनाथपुर वि०स०क्षेत्र अंतर्गत गढ़वा नगर परिषद् एवं श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत शहरी निकाय के रूप में अधिसूचित है। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि उक्त दोनों शहरी क्षेत्रों में अवस्थित सभी मतदान केन्द्रों पर दिनांक 18.07.2026 एवं 20.07.2026 को विशेष कैम्प का आयोजन किया जाएगा। विशेष कैम्प हेतु संबंधित मतदान केन्द्र पर बी०एल०ओ०, बी०एल०ओ० सुपरवाईजर एवं Volunteer की प्रतिनियुक्ति की गई है।
गढ़वा नगर परिषद् स्थित 33 मतदान केन्द्रों के 12 मतदान केन्द्र भवनों में मतदाताओं की सुविधा के लिए दिनांक 18.07.2026 एवं 20.07.2026 को विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से अपील किया कि उक्त तिथियों को विशेष कैम्प में उपस्थित होकर गणना प्रपत्र का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाईजेशन में अपना सहयोग प्रदान करें। आम मतदाता अपनी SIR संबंधी किसी भी समस्या का समाधान उक्त कैम्प में करा सकते हैं।
उक्त दोनों तिथियों को सभी प्रतिनियुक्त कर्मी अपने-अपने आवंटित मतदान केन्द्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा विशेष कैम्प दिवस को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक सभी प्रतिनियुक्त कर्मी अपने आवंटित मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने एवं भरे हुए गणना प्रपत्र प्राप्त करने तथा उसके डिजिटाईजेशन में संबंधित बी०एल०ओ० को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
दिनांक 22.07.2026 को मतदाता सूची के प्रारूप एवं ASDD सूची को अंतिम रूप देना तथा प्रपत्र 6, 7 एवं 8 की समीक्षा की जाएगी। इसे लेकर सभी मतदान केन्द्रों पर BLO एवं BLA-2 तथा चुनाव पाठशाला की द्वितीय बैठक आयोजित कराने का निदेश दिया गया। इसके संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा गया कि चुनाव पाठशाला में बी०एल०ओ०, BLA-2, वार्ड सदस्य, AWW, AWH, ANM, स्थानीय कर्मचारी के साथ-साथ सभी मतदाता सदस्य हैं, जिन्हें बैठक में बुलाया जाएगा। बी०एल०ओ० एवं BLA-2 की आयोजित बैठक की कार्यवाही एवं फोटोग्राफ BLO App पर करने का निदेश दिया गया।
इसमें प्रारूप ASDD सूची BLA-2 के साथ साझा करते हुए उस पर सत्यापन हेतु विचार-विमर्श किया जाएगा, अनमैप्ड मतदाताओं के संबंध में विचार-विमर्श होगी, बैठक में आम मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अन्य राजनीतिक कार्यकर्ता जैसे पिछले चुनाव के निर्वाचन अभिकर्ता एवं अन्य राजनीतिक प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा जबकि बैठक में गैर भारतीय व्यक्ति को शामिल नहीं किये जाने की बात कही।
इस सन्दर्भ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, गढ़वा जिला को निदेशित किया गया कि अपने-अपने प्रशासनिक क्षेत्रों में उपरोक्त निर्धारित तिथियों को सभी मतदान केन्द्रों पर बी०एल०ओ० एवं संबंधित BLA-2 की बैठक आयोजित कराने हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करायेंगे। साथ ही उक्त निर्धारित तिथियों को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर चुनाव पाठशाला का भी बैठक आहूत कराएँगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही, अद्यतन और त्रुटिरहित रूप से दर्ज करना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी बीएलओ को घर-घर जाकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने, प्रत्येक गणना प्रपत्र का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा है कि जब भी बीएलओ उनके घर पहुंचें, वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर जमा करें तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का सक्रिय सहयोग ही शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।










