- उपायुक्त के नाम से फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर लोगों को गुमराह करने का मामला, सतर्क रहने की अपील
गढ़वा। गढ़वा जिले में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा के नाम एवं पहचान का उपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाए जाने का मामला सामने आया है। उक्त फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से कुछ पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों को व्हाट्सएप संदेश भेजे जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।
जिला प्रशासन, गढ़वा द्वारा सभी पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों से अपील की जाती है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप अथवा फेसबुक संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसके माध्यम से मांगी गई किसी भी व्यक्तिगत अथवा आर्थिक जानकारी को साझा करें।
किसी भी संदिग्ध संदेश, प्रोफाइल अथवा अनुरोध की सत्यता की पुष्टि संबंधित कार्यालय से अवश्य कर लें। विशेष रूप से किसी भी प्रकार के आर्थिक लेन-देन अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से पहले पर्याप्त सावधानी बरतें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं पदाधिकारियों से अपील की है कि ऐसे फर्जी संदेशों के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित कार्यालय अथवा पुलिस प्रशासन को दें।










