- झारखंड के स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में JIIDCO की पहल
- ‘Tally Startup Collective – Ranchi Chapter’ में 75 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स की भागीदारी, 5 चयनित स्टार्टअप्स को निवेशकों के समक्ष 1:1 पिच का अवसर
रांची, 16 सितंबर 2026: झारखंड में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने तथा राज्य के उभरते उद्यमियों को निवेशकों, मेंटर्स और उद्योग विशेषज्ञों से जोड़ने के उद्देश्य से झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (JIIDCO) में बुधवार को ‘Tally Startup Collective – Ranchi Chapter’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से 75 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम में JIIDCO के महाप्रबंधक श्री संजय कुमार साहू तथा Startup Jharkhand के Chief Enabler श्री शुभम राज ने राज्य में स्टार्टअप्स एवं नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत सहयोग, उद्योग जगत से जुड़ाव और मजबूत स्टार्टअप नेटवर्क की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस आयोजन ने राज्य के उद्यमियों को निवेश की तैयारी, व्यवसाय को विस्तार देने, प्रभावी पिच तैयार करने और निवेशकों के साथ दीर्घकालिक संबंध विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सीधे विशेषज्ञों से संवाद का अवसर प्रदान किया।

Tally Solutions Pvt. Ltd. के AGM – Product Excellence श्री गौतम चक्रवर्ती ने स्टार्टअप्स के लिए तकनीक एवं व्यावसायिक समाधानों से जुड़े पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। निवेश एवं फंडिंग से जुड़े सत्रों में A Square Capital की Managing Director सुश्री चाहत अग्रवाल, VC Grid के श्री कुमार धीरज तथा Angel Investor एवं Mission Blue Foundation के श्री पंकज सोनी ने स्टार्टअप फाउंडर्स के साथ अपने अनुभव साझा किए। SanchiConnect के VP – Growth श्री विजय बावरा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
5 स्टार्टअप्स को निवेशकों के साथ सीधे संवाद का अवसर
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा 1:1 Investor Pitch Session रहा। इसमें झारखंड के 5 चयनित स्टार्टअप फाउंडर्स को निवेशकों के समक्ष अपने बिजनेस मॉडल और विकास की योजनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस दौरान फाउंडर्स ने निवेशकों के साथ सीधे संवाद किया और अपने उद्यमों से संबंधित महत्वपूर्ण फीडबैक प्राप्त किया।
कार्यक्रम में नेटवर्किंग और संवाद के माध्यम से भी स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशकों, मेंटर्स तथा इकोसिस्टम से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक-दूसरे से जुड़ने और संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा करने का अवसर मिला।

Tally Solutions, SanchiConnect, Startup Jharkhand और JIIDCO की सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम ने सरकार, उद्योग, निवेशकों और स्टार्टअप समुदाय के बीच संवाद के लिए एक साझा मंच प्रदान किया।
JIIDCO राज्य में औद्योगिक विकास के साथ-साथ उद्यमिता एवं नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। स्टार्टअप्स को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, निवेशक नेटवर्क और उद्योग जगत से जोड़ने वाले ऐसे प्रयास राज्य में एक अधिक सक्षम एवं सुदृढ़ स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने में सहायक होंगे।










