बिहार के बक्सर जिले में वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर सोमवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। गया धाम में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी कर अयोध्या जा रही तेलंगाना के श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार बैठी। इस भीषण भिड़ंत में बस चालक रमेश स्वामी समेत कुल 25 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के वक्त अधिकांश श्रद्धालु बस के अंदर सो रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके के साथ हुई टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी के अनुसार, तेलंगाना से 27 तीर्थयात्रियों का एक दल टूरिस्ट बस में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकला था। गया में पिंडदान समाप्त करने के उपरांत रविवार रात करीब 10 बजे बस अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। सोमवार तड़के लगभग 3 बजे जैसे ही बस बक्सर स्थित गंगा सेतु पार कर उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाली थी, तभी चालक को झपकी आ गई और अनियंत्रित बस किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को भी हल्की व गंभीर चोटें पहुंची हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय औद्योगिक थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस से सभी घायल यात्रियों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के डॉक्टर सौरभ राय एवं अन्य चिकित्साकर्मियों द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद मामूली रूप से चोटिल कुछ यात्रियों को छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










