▪️रंका मोड़ पर वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर किया गया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक, पंपलेट भी बांटे
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत रविवार को गढ़वा के रंका मोड़ पर वाहन चालकों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति, गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा के नेतृत्व में किया गया।

इस दौरान वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर एवं माला पहनाकर सम्मानित करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही चालकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों एवं सुरक्षित वाहन परिचालन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने एवं नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए गुड समारिटन योजना एवं गोल्डन आवर के महत्व की जानकारी दी गई। चालकों को बताया गया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे में घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना उसकी जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से वाहन चालकों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
मौके पर सड़क सुरक्षा प्रबंधक श्री संजय बैठा, श्री बिनय रंजन तिवारी, रोड इंजीनियर एनालिस्ट सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।










