- महिला उद्यमिता को नई उड़ान देगा ‘झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम’
- उद्यमी दीदियों के उन्मुखीकरण कार्यक्रम में व्यवसाय विस्तार, नवाचार एवं बाजार से जुड़ाव पर दिया गया जोर
**************************************
गढ़वा। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) एवं आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क (IIMCIP) की साझेदारी में DAY-NRLM के अंतर्गत संचालित ‘झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम’ को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उद्यमी दीदियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिला उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, मेंटॉरिंग एवं बाजार से जुड़ाव उपलब्ध कराते हुए उनके सूक्ष्म उद्यमों को सुदृढ़ करना तथा उनकी आय में वृद्धि के अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यम के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में IIMCIP के प्रतिनिधि श्री देवी प्रसाद ने ‘झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम’ के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र महिला उद्यमियों को कार्यक्रम के माध्यम से व्यवसाय विकास एवं क्षेत्र-विशेष प्रशिक्षण, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन एवं मेंटॉरिंग, बैंक एवं बाजार से जुड़ाव, वैधानिक अनुपालन में सहयोग तथा उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदर्शनियों एवं अन्य मंचों से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, चयन प्रक्रिया तथा प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने महिला उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उद्यमों में निरंतर नवाचार, गुणवत्ता एवं उत्पादों में विविधता लाना आवश्यक है। उन्होंने महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करते हुए नए बाजारों तक पहुंच बनाने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं संस्थागत सहयोग का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कैडर को ‘झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम’ के सफल क्रियान्वयन हेतु समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता को सशक्त बनाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। SHG से जुड़ी महिलाएं अपने पारंपरिक कौशल एवं स्थानीय संसाधनों को व्यवसाय से जोड़कर न केवल अपनी आय बढ़ा सकती हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमिता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर महिला उद्यमियों एवं ग्रामीण समुदाय को उपलब्ध योजनाओं, अवसरों एवं उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराएगा।
‘झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम’ के माध्यम से चयनित महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय को व्यवस्थित एवं टिकाऊ तरीके से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावसायिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण एवं मेंटॉरिंग के साथ-साथ बैंकिंग एवं बाजार से जुड़ाव मिलने से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और व्यवसाय के विस्तार में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने पात्र महिला उद्यमियों को ‘झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम’ से जुड़कर उपलब्ध प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, बाजार एवं वित्तीय अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके व्यवसाय को नई पहचान एवं नई दिशा प्रदान करना है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, JSLPS के DPM, सभी प्रखंडों के BPM, JSLPS की जिला एवं प्रखंड स्तरीय टीम तथा प्रदान के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।










